वाराणसी। माहे रजमान में खुदा की इबादत में लगे रोजेदार इफ्तार की दस्तखान पर देश में अमन चैन और वैश्विक महामारी से निजात की दुआ मांग रहे हैं। कोविड-19 के चलते मस्जिदों में सोशल डिस्टेसिंग के साथ नमाज अदा हो रही है। वहीं इफ्तार के दौरान होने वाली रौनक नदारद है। न सामूहिक दस्तरख्वान सज रहे न मेल मिलाप हो रहा।
शनिवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने चौथा रोजा रखा। इस समय मदनपुरा, बजरडीहा, सिगरा, नई सड़क सहित अन्य मुस्लिम इलाकों में सुबह सहरी के वक्त खासी चहल-पहल रहती है। वहीं इफ्तार के समय घरों में चहल पहल बढ़ जाती है। ईसा की नमाज के बाद रात में तरावीह की विशेष नमाज मुस्लिम पढ़ रहे हैं। इस समय कोरोना वायरस के कारण ज्यादातर लोग घरों में ही तरावीह पढ़ रहे हैं। मस्जिदों में तरावीह पढ़ने वाले सीमित हैं।
जरूरतमंदों को करा रहे इफ्तार
कोरोना काल से पहले लोग मस्जिदों में इफ्तार करते थे। इस दौरान काफी भीड़ होती थी। इसमें जरूरतमंदों को भी इफ्तार कराया जाता था। इस समय मस्जिद में बहुत कम लोग जा रहे हैं। ऐसे में जरूरतमंद को इफ्तार नहीं मिल पा रहा है। इस कारण मुस्लिम समाज में लोग जरूरमंदों को अपने घर पर इफ्तार करा रहे हैं।
जारी किया रमजान हेल्पललाइन नंबर
इस्लाहे मुआशरा कमेटी जमीयत उलमा ए बनारस ने नमाज, रोजा, तरावीह, जकात, एत्तेकाफ, सदका-ए-फित्र, सहित अन्य मसले पर समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी मसले को आप उर्दू, हिन्दी या रोमन में लिखकर हेल्पलाइन नंबर पर भेज सकते हैं। इस नंबर पर सिर्फ वाट्सएप से जवाब मिलेगा। मौ.मुहम्मद कासिम कासमी 9452829049, मुफ्ती अबू स्वालेह कासमी 9984294984, मुफ्ती महमूद आलम कासमी 7800711438, मुफ्ती अहमद सईद कासमी 7897571648 पर संपर्क कर सकते हैं।
0 Comments