लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने लखनऊ दौरे के पहले दिन ही प्रदेश नेतृत्व व सरकार के कामों की समीक्षा की। संगठन के नेताओं से पूछा कि भाजपा के संकल्प पत्र की घोषणाओं का क्या हुआ? कितनी घोषणाओं पर अमल हुआ। वहीं संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार और पार्टी के बारे में फीडबैक लेते हुए रणनीति की रूपरेखा खींची। देर शाम बीएल संतोष की मौजूदगी में सीएम आवास पर हुई कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के संकल्प पत्र के मुताबिक अपनी सरकार के किए गए काम का पूरा ब्योरा पेश किया। उन्होंने संकल्प पत्र की घोषणाओं के बारे में एक-एक कर जानकारी दी।
बीएल संतोष ने पदाधिकारियों से लिया फीडबैक पूछा- संकल्प पत्र पर कितना अमल किया गया
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष के साथ प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिह भी लखनऊ दौरे पर हैं। उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ बैठक की। प्रारंभिक बैठक में चारों नेताओं ने भाजपा के संकल्प पत्र में की घोषणाओं के बारे में चर्चा की। राष्ट्रीय महामंत्री ने पूछा कि संकल्प पत्र की घोषणाओं पर कितना अमल हुआ और कौन-कौन से कार्य हुए हैं। इस पर प्रदेश अध्यक्ष व सुनील बंसल ने उन्हें जानकारी दी। इसके बाद संतोष सरस्वती कुंज पहुंचे। वहां संघ के दो क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार व महेंद्र कुमार , संगठन मंत्री सुनील बंसल व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव के साथ करीब 2.30 घंटे तक मंथन हुआ। इस बैठक में कृष्ण गोपाल के होने की भी सूचना है। इस दौरान संघ नेताओं ने स्वतंत्र देव व सुनील बंसल से भाजपा के सेवा कार्यों और सरकार के कामकाज का फीडबैक लिया। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन के कुछ निर्णयों पर आपत्ति भी दर्ज कराई। साथ ही उन्होंने 2022 के लिए कार्ययोजना पर मंथन किया और इसेगंभीरता से लागू करने पर सहमति बनी। संघ ने संदेश दिया कि2022 में जीत हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।
सरकार ने माफिया पर कसी नकेल, प्रदेश में महिलाओं को दिया सुरक्षित माहौल : योगी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में सोमवार को देर शाम सीएम आवास पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उन्होंने राज्य में माफिया की नकेल कसी, महिलाओं की सुरक्षा का माहौल बनाया और छात्रों के भविष्य के साथ सपा सरकार में खेल करने वालों को जेल भेजा। दिनभर भाजपा मुख्यालय और निरालानगर में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद बीएल संतोष के साथ कोर कमेटी की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर हुई। मुख्यमंत्री ने इसमें सरकार द्वारा किए गए कामकाज का ब्योरा पेश किया। उन्होंने टीकाकरण के साथ ही पंचायत चुनाव में सफलता और आने वाले समय में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के बारे में जानकारी दी। इससे पहले योगी ने दोपहर में भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए वायदों का अफसरों संग बैठक कर परीक्षण किया। उन्होंने बचे कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अफसरों ने दावा किया कि करीब 99 प्रतिशत वायदे या तो पूरे हो गए हैं या उन पर काम चल रहा है। विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिवों ने मुख्यमंत्री के सामने 15 जून 2017 से अब तक हुए कामों का ब्यौरा दिया।
0 Comments