भायंदर। नवघर पुलिस ने पिछले दिनों चार अलग-अलग चार मामलों में चैन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं तथा पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम साबिर खोबेरूल मंडल ( 22 )तथा कादर खोबेरूल मंडल (30 )है। साबिर को इंदिरानगर झोपड़पट्टी से तथा कादर को खोरगांव से गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 अक्टूबर को सुबह 7 बजे श्रीनाथ भुवन ,बीपी क्रॉस रोड में रहने वाली मयूरी दशरथ म्हेतर नामक महिला काम पर जा रही थी तभी एक अज्ञात युवक उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन कर भाग गया। मयूरी ने नवघर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। परिमंडल क्रमांक 1 के पुलिस उपायुक्त अमित काले, सहायक पुलिस आयुक्त शशिकांत भोसले तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई के मार्गदर्शन में अपराध शाखा पथक ने तत्काल एक्शन लेते हुए कार्रवाई शुरू की। अंततः दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। अपराध शाखा पथक के पुलिस निरीक्षक प्रकाश मासाल ,सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश काले, पुलिस उप निरीक्षक संदीप ओहल, पुलिस हवलदार रविंद्र भालेराव तथा सिपाही संदीप जाधव , युनुस गिरगावकर तथा अमित कुमार पाटिल की टीम ने अपराधियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की। दोनों शातिर बदमाशों के पास पुलिस ने चारों अलग-अलग घटनाओं से संबंधित सोने के जेवरातों को जप्त कर लिया है।
0 Comments