पल पल बढ़ती बेकारी ,गरीबी, दिवालियापन पर लगाम लगाएं
देरी से चलती ट्रेनों को समय पर लाएं,
टिकट लेकर यात्रा की आदत डलवाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
छिनैतों और बलात्कारियों को सजा दिलाएं,
कामचोरों से काम कराएं,
सरकारी अनाज दुकानों पर बेचकर लूटपाट करने वाले का अनाज बंद करवाएं, आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
हर बच्चों को शिक्षित बनाएं,
किसान के बेटे-बेटियों को पढ़ाएं ,
सरकारी किताबें रद्दी में बेचने वालों को जेल भिजवाएं
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्र का क्रय-विक्रय, नकल करने,कराने वालों पर लगाम लगाएं,
देश भर में कुकुरमुत्ते की तरह फैले घर बैठे डिग्री देने वाले संस्थानों को बंद करवाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाए।।
स्कूलों में पढ़ा रहे गोल्ड मेडलिस्टों से यूनिवर्सिटी में पढ़वांए,
यूनिवर्सिटी में कामचोर नौकरों को नौकरी से हटाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
दावानल की तरह बढ़ती जनसंख्या,
असंख्य समस्याओं पर रोक लगाएं,
लापरवाह बच्चों को समझाएं,
वृद्धा आश्रम में रहने वाली हर मां को अपने घर बुलाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
रोजी रोटी वाली शिक्षा दिलाएं,
बंजर - धरा पर वृक्ष लगाएं,
सभी में सामाजिक समानता का भाव जगाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
राष्ट्र के स्वतंत्रता सेनानियों की हर घर में तस्वीर लगाएं,
जात-पात और धर्म -मजहब का भेद मिटाएं,
विश्व गुरु बनने का संकल्प दोहराएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
शॉर्ट नोटिस पर कर्मचारियों को हटाने,
संविदा पर नौकरी पर रखने के कल्चर,
प्राविधान पर लगाम लगाएं,
सरकारी नौकरी की चमक के फीकेपन में उजाला लाएं,
हर घर को नौकरी की सौगात दिलवाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
बाल यौन शोषण बाल तस्करी के खिलाफ जन -जागरूकता फैलाएं,
बाल मजदूरी पर पूर्ण विराम लगाएं,
सभी के सामाजिक जीवन में समानता लगाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
खौफ,असुरक्षा और अनिश्चितता में जीवन जीने वाले युवाओं को बचाएं,
बच्चों को बंधक बनाकर बाल मजदूरी कराने वालों को सजा दिलाएं,
बेटियों को अपनी हवस का शिकार बनाने वालों पर शिकंजा लगाएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
खाली फटी जेबों को सिलवाएं,
नंगे पैर चलने वाले बच्चों के पैरों में चप्पल पहनाएं,
सभी को ज्ञान की गंगा में स्नान कराएं,
आओ आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं।।
चंद्रवीर बंशीधर यादव ( शिक्षाविद्)
संपर्क -20/बी, यादवेश को.हा.सो.,देवकी शंकर नगर,लेक पथ, भांडुप (पश्चिम), मुंबई -400078
मो.नं. 9869644950
0 Comments