मलाड के आर के कॉलेज में विराट कवि सम्मेलन संपन्न


मुंबई। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में अखिल ब्रह्म विज्ञान संस्थान, राजभाषा हिंदी प्रचार संस्थान एवं महापंडित राहुल सांकृत्यायन फाउंडेशन के संयुक्त तत्त्वावधान में 18 सितंबर, रविवार को शाम 4 बजे आर.के कॉलेज, बचानी नगर, मलाड (पूर्व), मुंबई में विराट कवि सम्मेलन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती की छवि पर माल्यार्पणकर एवं दीप प्रज्वलितकर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। तदुपरांत वाणी के धनी आचार्य रामव्यास उपाध्याय ने मां सरस्वती की वंदना कर सभागृह को पवित्र बना दिया। समारोह के अध्यक्ष लालचंद तिवारी, जो एक भवन निर्माता के रूप में विख्यात हैं किंतु सामाजिक और साहित्यिक विषयों में उनकी विशेष रुचि रहती है। उन्होंने अपने वक्तव्य में एक चीनी व्यक्ति का उदाहरण देते हुए उसी से प्रेरित होकर हिंदी की महत्ता को स्थापित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आलोक द्विवेदी ने अपनी ओजस्वी वाणी से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कवयित्री भारती श्रीवास्तव  ने अपनी कविता खोना के माध्यम से उन बिंदुओं पर प्रकाश डाला जिसे हम रोजमर्रा की जिंदगी में खोते चले जा रहे हैं। विशेष अतिथि के रूप में मुन्ना यादव  ने हैं हिंदी की महत्ता पर जोर दिया तथा लोगों से अपील की कि आप अधिकाधिक इसका प्रचार करें। तीनों संस्था के संस्थापक डॉ. श्रीभगवान तिवारी  ने अपने प्रस्ताविकी में राजभाषा और राष्ट्रभाषा अंतर को स्पष्ट किया।  हिंदी पर आधारित अपनी कविता में उन्होंने मजहब नहीं बल्कि धर्म श्रेष्ठ बतलाया और वह भी सनातन धर्म।विराट कवि सम्मेलन में कवियों की एक लंबी फेहरिस्त रही है जो दूर-दूर से पधारे थे। हर विधा और हर रस की रचना कार्यक्रम में पढ़ी गई। कविगण में डॉ. जितेंद्र पांडे, जे. पी. सिंह, रामसिंह सिंह, संगीता शुक्ला, अजय शुक्ला,  रीता कुशवाहा, मुन्ना पांडे,  अरुण दुबे, राजेश रितुपर्ण, अनिल तिवारी, अनिल त्रिपाठी 'कड़क', रितेश गौड़,  किशन अग्रवाल, संतोष पाठक, अमरनाथ द्विवेदी,  राम स्वरूप साहु, आचार्य रामव्यास उपाध्याय आदि ने धुआंधार काव्य पाठकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर कुछ मिनट के बाद सभागार तालियों से ही गूंज रहा था। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए साहित्यकार, पत्रकार, प्राध्यापकगण, अध्यापकगण एवं सामान्य लोग उपस्थित थे। अखिल ब्रह्म विज्ञान संस्था के महामंत्री डॉ. अवनीश सिंह ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया एवं अतिथियों के प्रति आभार अखिल ब्रह्म विज्ञान संस्थान के कोषाध्यक्ष जनार्दन मिश्र ने व्यक्त किया। अखिल ब्रह्म विज्ञान संस्थान के अध्यक्ष आचार्य रामव्यास उपाध्याय,  आर. के. सर, आचार्य विरेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. अमर बहादुर पटेल, पत्रकार चंद्रवीर यादव, दिनेश श्रीवास्तव, एड. विवेक त्रिपाठी एवं आचार्य शशिकांत दुबे के संयोजन में कार्यक्रम बड़े धूमधाम से राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

Post a Comment

0 Comments