हितेंद्र ठाकुर ने की वसई तालुका के महामार्ग पर अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की मांग


वसई। प्रख्यात उद्योगपति साइरस मिस्त्री की पालघर के पास कार दुर्घटना में हुई मौत के बाद महा मार्ग पर स्वास्थ्य विषयक सुविधाओं को लेकर एक बड़ा प्रश्न खड़ा हो गया है। बहुजन विकास आघाडी के अध्यक्ष तथा वसई तालुका के विधायक हितेंद्र ठाकुर ने महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर तानाजी सावंत को पत्र लिखकर वसई तालुका में स्थित महामार्ग पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल बनाने की मांग की है। हितेंद्र ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री को दिए गए पत्र की एक प्रति मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भी दी है। मुख्यमंत्री को पत्र की प्रति देते समय नालासोपारा के विधायक क्षितिज ठाकुर तथा बोईसर के विधायक राजेश पाटिल भी उपस्थित रहे। ज्ञातव्य है कि कुछ दिन पहले मुंबई-अहमदाबाद महामार्ग पर पालघर के समीप प्रख्यात उद्योगपति साइरस मिस्त्री की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया था। इस दुर्घटना में साइरस मिस्त्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।मुंबई अहमदाबाद मार्ग पर वसई तालुका के 30 किलोमीटर के अंतर्गत में एक भी अस्पताल हाईवे के पास नहीं है। ऐसे में यहां दुर्घटना होने पर संबंधित व्यक्ति को तत्काल इलाज की सुविधा नहीं है। साइरस मिस्त्री की मौत इसी कमी के चलते हुई है। हितेंद्र ठाकुर ने महाराष्ट्र सरकार का ध्यान इस समस्या की तरफ किया है। ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत से 200 बेड का अस्पताल बनाने की मांग की है। 2 दिन पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा आयोजित प्रीति भोज के समय हितेंद्र ठाकुर भी उपस्थित थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस समस्या की तरफ उनका ध्यान आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द अस्पताल बनाने की मांग रखी। मुंबई अहमदाबाद महामार्ग पर तालासरी, विक्रमगढ़ ,वाड़ा , जव्हार, मोखाड़ा, डहाणू जैसे आदिवासी इलाके हैं यहां आरोग्य की कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं है। हितेंद्र ठाकुर का कहना है कि यहां एक अत्याधुनिक अस्पताल बनने से महा मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद मिलने के साथ साथ आसपास के आदिवासी इलाकों में रहने वाले लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments