डोंबिवली में 81 निरंकारी भक्तों ने किया उत्साहपूर्ण रक्तदान


डोंबिवली।  संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में स्वयंवर हॉल, गोग्रासवाडी, डोंबिवली (पूर्व) में रविवार, 9 अक्तूबर, 2022 को आयोजित रक्तदान शिविर में 81 निरंकारी भक्तों ने बड़े उत्साह के साथ रक्तदान किया जिनमें 73 पुरुष एवं 8 महिलाएं शामिल थीं | जे. जे. महानगर रक्तपेढी,  मुंबई एवं संत निरंकारी रक्तपेढी, विलेपार्ले, मुंबई द्वारा रक्त संकलन किया गया । गोग्रासवाडी के अलावा आस पास के सागाव, आयरे गाव, नांदिवली इत्यादि इलाके के निरंकारी भक्तों ने इसमें भाग लिया | संत निरंकारी मंडल के डोंबिवली ज़ोन के क्षेत्रीय प्रभारी रावसाहेब हसबे ने ईश्वर के सिमरण के साथ रिबन कटाते हुए इस शिविर का विधिवत उद्घाटन किया | इस शिविर को शिष्टाचार भेंट करने वाले गणमान्य व्यक्तियों में शिवसेना उपशहर प्रमुख संजय विचारे, पुलिस निरीक्षक पांडुरंग पीठे, सहायक पुलिस निरीक्षक  वैभव चुंबले आदि का समावेश था | गणमान्य व्यक्तियों ने मिशन द्वारा मानवता के प्रति की जा रही निष्काम सेवाओं की भूरि भूरि प्रशंसा की | 
उल्लेखनीय है कि सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज की दिव्य सिखलाई को अपनाते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा रक्तदान जैसे महान समाज सेवा में निरंतर योगदान दिया जा रहा है | मिशन द्वारा अब तक 12 लाख से भी अधिक युनिट का रक्तदान पूरे भारतवर्ष में किया गया है | इसके अतिरिक्त स्वच्छता अभियान, नेत्रचिकित्सा, स्वास्थ्य जाँच, प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्य जैसी विभिन्न सेवाओं में मिशन निष्काम भाव से अपना योगदान दे रहा है।संत निरंकारी मंडल के स्थानीय ब्रांच के मुखी जयदेव गायकवाड ने स्थानीय सेवादल के सहयोग से शिविर के सफलतापूर्वक आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया |

Post a Comment

0 Comments