भारतीय शक्ति चेतना पार्टी ने लोकसभा चुनाव दिया भाजपा को समर्थन

मुंबई। लोकसभा चुनाव में जहां भारतीय शक्ति चेतना पार्टी देश की 52 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं दूसरी ओर मुंबई महानगरपालिका के पूर्व उपमहापौर बाबूभाई भवानजी के अनुरोध पर बाकी की सभी सीटों पर पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी तथा सहयोगी एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन की घोषणा की है। देशहित में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुंबई महानगरपालिका के पूर्व उपमहापौर बाबूभाई भवानजी ने अपने आध्यात्मिक गुरू एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के संस्थापक परम पूज्य शक्तिपुत्र गुरूजी से मुलाकात कर भाजपा तथा भारतीय शक्ति चेतना पार्टी का उद्देश्य एक ही होने का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी तथा सहयोगी एनडीए के घटक दलों के उम्मीदवारों को समर्थन देने का अनुरोध किया था। जिसके बाद उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को भाजपा के पक्ष में समर्थन जारी करने के निर्देश दिए थे। गौरतलब हो कि भारतीय शक्ति चेतना पार्टी का गठन भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र का वह स्वरूप प्रदान करने के लिए किया गया है, जिसमें सम्प्रदायिकता, जातिभेद, छुआछूत, गरीबी, धर्मांधता, अशिक्षा व भय भूख-भ्रष्टाचार रूपी समाजिक विसंगतियों से मुक्त एक सद्भावनापूर्ण समाजिक व्यवस्था का दर्शन हो। 7 मई 2013 को पार्टी की आधारशिला रखकर एक शक्तिशाली, समृद्धशाली एवं स्वावलंबी राष्ट्र के रूप में उस भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया है, जिसमें राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, पुरुषार्थ, सद्भाव एवं सहिष्णुता जैसी उच्च सामाजिक भावनाओं की स्थापना सदैव सदैव के लिए की जा सके। बीते 16 मई को भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अजय अवस्थी के नेतृत्व में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के हरियाणा प्रांत की शाखा की बैठक संपन्न हुई। प्रदीप कलेसर, अशोक आहूजा, रणधीर सिंह, राजेंद्र मेहता, अनीता पाल, बीना सैनी, विक्रम सैनी, देवेंद्र सैनी, नितेश चोपड़ा और कई अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में राष्ट्ररक्षा, धर्मरक्षा और मानवता की सेवा हेतु व राष्ट्रीय ताकतों को मजबूत करने के लिए यह निर्णय लिया गया कि भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के हरियाणा प्रांत
की कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, गुड़गांव, सोनीपत, भिवानी, महेन्द्रगढ़, सिरसा व चंडीगढ़ आदि लोकसभा चुनाव की सीटों पर सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्रहितों को देखते हुए बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया जाएगा। इसी उपलक्ष्य में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें मुख्य रूप से सत्तादल भारतीय जनता पार्टी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अजय अवस्थी संयुक्त रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी को देश की सभी सीटों पर बिना शर्त समर्थन की घोषणा की। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुंबई महानगरपालिका के पूर्व उपमहापौर बाबूभाई भवानजी ने बताया कि भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के संस्थापक परम पूज्य शक्तिपुत्र गुरूजी का मध्यप्रदेश में वृहद आश्रम है, जहां भव्य माताजी के मंदिर में विगत 40 वर्षों से अखंड ज्योत अनवरत प्रज्ज्वलित है। इस आश्रम में नशा मुक्ति, व्यसन तथा मांसाहार छोड़ने की मुहिम चलाई जा रही है, जिससे अब तक लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं। पिछले दिनों नागपुर में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी द्वारा व्यसन मुक्ति तथा हिंदुत्व और सनातन की रक्षा के लिए विराट रैली निकाली गई थी, जिसमें लाखों लोग शामिल हुए थे। भवानजी ने कहा कि इस पार्टी का पूरे देश में जनाधार है, जिसका लाभ भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में भरपूर मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments