मुंबई। आगामी 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने जनसभा और पदयात्राओं को तेज कर दिया है। मुंबई की 36 विधानसभा सीटों पर कब्जा करने के लिए महायुति ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुंबई की कई हॉट सीटों में से एक कालीना विधानसभा सीट पर महायुति और महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार के बीच लड़ाई रोमांचक हो गई है। महायुति के उम्मीदवार अमरजीत सिंह के समर्थन में लगातार केंद्रीय मंत्री, भाजपा के केंद्रीय नेता, प्रदेश और मुंबई के नेता और पदाधिकारी क्षेत्र में जगह जगह जनसभा आयोजन कर मतदाता-कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ महायुति के उम्मीदवार अमरजीत सिंह अपने समर्थकों के साथ लगातार पदयात्रा निकाल रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को तानाजी चौक न्यू मिल रोड कुर्ला में आयोजित किया गया था। इस जनसभा में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर सहित बड़ी संख्या में महायुति के नेता उपस्थित थे। देवधर ने कहा कि महायुति सरकार सुरक्षा की गारंटी है।
भाजपा नेता सुनील देवधर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का नारा दिया है, जिसे केंद्र सरकार पूरा कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है, लेकिन लोकसभा चुनाव में वोट जिहाद के कारण लोगों ने मुफ्त अनाज और आयुष्मान कार्ड सहित सरकार की योजनाओं का लाभ देने वाले पीएम मोदी को वोट नहीं दिया, जिसके कारण भाजपा को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि महायुति की सरकार क्यों बनाना है, क्योंकि यह हमारे साथ-साथ देश की भी सुरक्षा का भी काम करती है। सुनील देवधर ने कहा कि राज्य की महायुति सरकार ने महिलाओं और बहनों के लिए मुख्यमंत्री माझी लाडकी योजना शुरू की है। इस योजना का लाभ भारी संख्या में महिलाओं को मिला है। उन्होंने कहा कि सिर सलामत तो पगड़ी हजार, इसलिए हमें उस पार्टी की सरकार बनाना है, जो हमारी और हमारे परिवार की सुरक्षा की गारंटी ले सके। यह काम केंद्र में मोदी और राज्य में महायुति सरकार कर सकती है। महायुति की सरकार बनाने के लिए कालीना विधानसभा क्षेत्र से महायुति के उम्मीदवार अमरजीत सिंह को जीतना जरूरी है। अमरजीत सिंह ने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से कालीना का अभूतपूर्व विकास करूंगा और यहां की सारी समस्याओं का निराकरण करके ही दम लूंगा। इस अवसर पर उत्तर -मध्य जिला अध्यक्ष सुषम सावंत, महामंत्री नितेश राजहंस सिंह, कालीना विधानसभा अध्यक्ष चंदकांत मोरे, आरपीआई कालीना विधानसभा अध्यक्ष श्रावण मोरे, वरिष्ठ नेता उत्तम राव होगाड़े, प्रवासी कार्यकर्ता दिनेश कुशवाहा, ब्रिजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में महायुति के पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
0 Comments