वसई। विरार स्थित रमाबाई अपार्टमेंट की दुर्घटना में मृत 15 लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से मदद दिए जाने की मांग भाजपा विधायक राजन नाइक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पत्र के माध्यम से की थी। इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री फडणवीस ने दुर्घटना को संज्ञान में लेते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से 5–5 लाख रुपये की मदद देने का निर्णय घोषित किया। साथ ही राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन को भेजकर आपदाग्रस्तों की सहायता की।
गणेशोत्सव की तैयारी चल रही थी, इसी बीच विरार पूर्व क्षेत्र में रात करीब साढ़े ग्यारह बजे रमाबाई अपार्टमेंट इमारत ढह गई। इस इमारत के मलबे में कई निवासी दब गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए तेजी से प्रयास किए गए। मगर इस दुर्घटना में अब तक 15 निवासियों की मौत हो चुकी है। इस दुर्घटना में जन्मदिन मना रही एक वर्षीय बच्ची की भी मृत्यु हो गई। अब तक इस दुर्घटना में 9 निवासी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राजन नाइक तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन दल और नगर निगम के आपातकालीन विभाग से बचाव कार्य की जानकारी ली। इस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों और घायलों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से पर्याप्त आर्थिक मदद मिले तथा उनके पुनर्वास की व्यवस्था हो, ऐसी मांग विधायक राजन नाइक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की थी। साथ ही आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन को भी दुर्घटनास्थल पर आने का अनुरोध किया था। उसके अनुसार मंत्री गिरीश महाजन ने आज दोपहर विरार का दौरा किया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करके मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है, ऐसी जानकारी भाजपा वसई-विरार जिला महासचिव मनोज बारोट ने मीडिया को दी।
0 Comments