मुंबई ।महानगर के मुलुंड शहर के वरिष्ठ समाजसेवी, पूर्व उपाध्यक्ष मुंबई कांग्रेस एवं सर्व हितैषी डॉ बाबूलाल रामकृपाल सिंह का हृदयगति रुक जाने से आकस्मिक निधन देर रात्रि बुधवार 26 नवंबर 2025 को हुआ। उक्त खबर सुनकर मुलुंड ही नहीं अपितु उनके संपर्क में रहने वाले नागरिक जो कई दशकों से जानते थे ऐसे संपूर्ण महानगर के नागरिक अवाक हो गये।मुलुंड के संरक्षक कहे जाने वाले बाबूलाल सिंह के जाने से मुलुंड सहित भांडुप, ठाणे,नाहुर की जनता शोक की लहर में दिखाई दिया। डॉ बाबूलाल सिंह मध्य रेलवे लाइन पर संचालित साहित्यिक मंचों के केंद्र बिंदु थे। महानगर में कोई भी ऐसा साहित्यिक मंच अछूता नहीं रहा जिनके साहित्यिक समारोह में उनकी उपस्थिति नहीं रही हो।महानगर के सभी साहित्यकार, शिक्षक,कामगार, व्यापारी, चिकित्सक अपने शुभचिंतक की आत्मा के शांति हेतु उनके अंतिम दर्शन एवं यात्रा में पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित किया। डॉ साहब की अंत्येष्टि गुरुवार 27 नवंबर 2025 को संध्याकाल उनके पुत्र डॉ सचिन सिंह के हाथों मुलुंड पश्चिम स्थित डंपिंग रोड श्मशान भूमि पर हजारों की संख्या में उपस्थित हितैषियों की उपस्थिति में किया गया। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, उद्योगपति शारदा प्रसाद सिंह, मुंबई कांग्रेस के महासचिव डॉ किशोर सिंह, तरुण कला संगम के अध्यक्ष उद्योगपति चित्रसेन सिंह, भाजपा प्रवक्ता उदयप्रताप सिंह, भाजपा नेता सुरेश सिंह समेत अनेक गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
0 Comments