आकृति आर्ट फाउंडेशन द्वारा 23 वीं अंतर्राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का 16 दिसम्बर से मुंबई में आयोजन



मुंबई, देश की प्रमुख सांस्कृतिक, सामाजिक और कलात्मक संस्था *"आकृति आर्ट फाउंडेशन"* द्वारा अपनी 23 वीं अंतर्राष्ट्रीय समूह कला प्रदर्शनी का आयोजन मुंबई में 16 दिसम्बर, 2025 से 21 दिसम्बर, 2025 तक किया जा रहा है। 
      यह जानकारी देते हुए आकृति आर्ट फाउंडेशन के संस्थापक डायरेक्टर मनमोहन जायसवाल ने बताया कि यह संस्था पिछले 18 वर्षों से कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इसी क्रम में संस्था की 23 वीं अंतर्राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित मेकर चैम्बर्स की आर्ट गैलेरी में लगाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, दुबई और पोलैंड से तकरीबन 40 प्रतिष्ठित कलाकार भाग ले रहे हैं। श्री जायसवाल ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष दो आर्ट एग्जिबिशंस का आयोजन करते हैं। इनमें देश- विदेश से आने वाले कलाकारों को अपनी खूबसूरत कला के प्रदर्शन का सुअवसर मिलता है। साथ ही उनकी संस्था विभिन्न अवॉर्ड शो, म्यूजिकल शो और आध्यात्मिक इवेंट्स का भी आयोजन करती आई है। उन्होंने बताया कि वे जल्दी ही अपनी टीम के साथ सभी कलाकारों के लिए डिजिटल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म भी शुरू करने जा रहे हैं, जिससे आसानी से दुनिया के किसी भी कोने तक कलाकारों की कृतियाॅं पहुॅंचाई जा सकती हैं। 23 वीं प्रदर्शनी में सुविख्यात चित्रकार एम एफ हुसैन, जामिनी रॉय, एस एच राजा, सोहन कुमार, पूर्वा तेनानी, प्रियेश, प्रधन्या पंडित, अनीता गोयल, संजना रामचंदानी, वैशाली शाह, प्रवीण पांडे, निशा गांधी, सलोनी गुप्ता, शोभना मेहता, सुनामदिनी जयंत, राजवी गांधी, निराली मोदी, राखी संघवी, रितिका सिंह, शेखर बर्वे, नंदा पाठक, सुमेध उन्नावने मयूर श्रीवंधनकर, नवाब जहान, तानिया फटनानी, ध्यानज्योति निंबालकर, शिवानी धुरिया, प्रीति शाह, आरती चोरड़िया, रूपाली मिस्त्री और श्रुति सोमन की पेंटिंग्स का प्रदर्शन किया जायेगा। प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में बहुत से कला प्रेमी, इंटीरियर डिजाइनर, आर्किटेक्ट तथा संगीत और साहित्य जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ इस भव्य प्रदर्शनी की शुरुआत होगी। यह प्रदर्शनी 16 से 21 दिसम्बर, 2025 तक रोज़ाना दोपहर 12 से रात्रि 8 बजे तक सभी कलाप्रेमी दर्शकों के नि:शुल्क अवलोकनार्थ खुली रहेगी। 
          

Post a Comment

0 Comments