वसई-विरार पत्रकार संघ चुनाव का बिगुल, 12 जून को होगा मतदान



बैठक में डेढ़ सौ से अधिक पत्रकार उपस्थित
वसई | प्रतिनिधि
प्रस्तावित वसई विरार महापालिका पत्रकार संघ का चुनाव आगामी 12 जून को आयोजित किया जाएगा। 15 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 1 जून से 5 जून तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। शुक्रवार को वसई स्थित होटल रिजेंसी में आयोजित बैठक में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई। इस बैठक में वसई-विरार क्षेत्र के डेढ़ सौ से अधिक पत्रकार उपस्थित रहे।
वसई के इतिहास में पहली बार पत्रकार संगठन के चुनाव के लिए इस प्रकार मतदान प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

वसई-विरार क्षेत्र के सभी मीडिया संस्थानों और सभी भाषाओं के पत्रकारों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से वसई विरार महापालिका पत्रकार संघ की घोषणा की गई है, जिसे पत्रकारों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। अब तक 200 से अधिक पत्रकारों ने सदस्यता के लिए आवेदन किया है।

शुक्रवार 29 मई को वसई पूर्व स्थित होटल रिजेंसी में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मयूर परिख और वरिष्ठ पत्रकार सुधाकर काश्यप को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। उन्होंने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।

बैठक में वसई-विरार क्षेत्र के 152 पत्रकार मौजूद थे। इनमें दैनिक समाचार पत्र, न्यूज चैनल, साप्ताहिक, यूट्यूब तथा अन्य मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे। महिला पत्रकारों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

पत्रकार सुहास बिरहाडे ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की, जबकि पत्रकार विजय गायकवाड ने पिछली बैठक की कार्यवाही का वाचन किया। प्रसिद्ध संचालक कुणाल रेगे ने अपने खास अंदाज में कार्यक्रम का संचालन किया। विजय खेतले ने आभार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मणराव पाटोळे ने समन्वयक की भूमिका निभाई, जबकि विजय देसाई और राज शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने अतिथियों का स्वागत किया।

ऐसी होगी कार्यकारिणी

प्रस्तावित वसई विरार महापालिका पत्रकार संघ की 15 सदस्यीय कार्यकारिणी में 1 अध्यक्ष, 2 उपाध्यक्ष, 1 महिला कार्याध्यक्ष (आरक्षित), 1 सचिव, 1 सहसचिव, 1 कोषाध्यक्ष और 8 सदस्य शामिल होंगे।

1 जून से 5 जून तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। 6 जून को नाम वापसी की अंतिम तिथि होगी, जबकि 7 जून को जांच प्रक्रिया के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित की जाएगी। 12 जून को मतपत्र के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments