तेलंगाना के राज्यपाल माननीय शिव प्रताप शुक्ल के हाथों रज़ा मुराद, सचिन खेडेकर, डॉ.राजाराम त्रिपाठी, आचार्य पवन त्रिपाठी व नीता बाजपेई आदि सम्मानित
मुंबई। साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चेतना के संवर्धन में पिछले चार दशकों से कार्यरत अग्रणी संस्था 'वाग्धारा' और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाचार नेटवर्क 'भारत एक्सप्रेस' के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को अंधेरी (वेस्ट) स्थित मुक्ति ऑडिटोरियम में "वाग्धारा सम्मान समारोह 2026" का ऐतिहासिक व भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि तेलंगाना के माननीय राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल जी थे, जिन्होंने देश भर से चुनकर आईं अद्वितीय प्रतिभाओं को अपने कर-कमलों से सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में 'भारत एक्सप्रेस' के सीएमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय मंच पर उपस्थित रहे। राजभवन के उच्चतम प्रोटोकॉल के अनुसार तैयार किए गए मंच पर मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल महोदय के साथ विशिष्ट अतिथि उपेंद्र राय, वाग्धारा के अध्यक्ष डॉ. वागीश सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष दुर्गेश्वरी सिंह 'महक', सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, चयन समिति के अध्यक्ष जयंत देशमुख और प्रस्तावक समिति के अध्यक्ष अरविंद शर्मा राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द शर्मा राही और रवि यादव द्वारा किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल जी ने वाग्धारा एनजीओ के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि वाग्धारा संस्था पिछले 40 वर्षों से साहित्य, कला और समाज सेवा के क्षेत्र में जो अलख जगा रही है, वह वास्तव में अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। अपने आशीर्वचन और व्याख्यान में राज्यपाल महोदय ने वर्तमान परिदृश्य पर गहराई से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दौर में समाज सेवा, पत्रकारिता, सिनेमा, रंगमंच, विज्ञान और शिक्षा जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से काम करने वाले सच्चे और अच्छे लोगों को ढूंढना बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है। ऐसे समय में वाग्धारा और भारत एक्सप्रेस ने देश के कोने-कोने से ऐसी वास्तविक प्रतिभाओं को खोज निकाला है, जिन्होंने समाज को आगे बढ़ाने में अपना जीवन लगा दिया।
समारोह में कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी व उत्कृष्ट योगदान देने के लिए बस्तर के डॉ. राजाराम त्रिपाठी को सर्वोच्च 'वाग्धारा जीवन गौरव सम्मान 2026' से नवाजा गया। इसके साथ ही अभिनेता रज़ा मुराद और सचिन खेड़ेकर को 'वाग्धारा नवरत्न सम्मान' से विभूषित किया गया। ज्योतिष विज्ञान व संस्कृत के प्रकांड विद्वान और सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट (मुंबई) के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी को इस वर्ष का 'डॉ. शंकरलाल सारस्वत स्मृति वाग्धारा सम्मान' प्रदान किया गया। वहीं पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक को 'नेत्रपाल सिंह स्मृति रेल सेवा सम्मान' और नीता बाजपेई को 'संध्या पांडेय स्मृति वाग्धारा सम्मान' दिया गया। इनके अतिरिक्त, अपने-अपने क्षेत्रों में देश का नाम रोशन करने वाली विभूतियों में शिक्षा के लिए डॉ. सदानंद भोसले (पुणे), पत्रकारिता के लिए मृत्युंजय बोस (वसई, महाराष्ट्र), भाषा सेतु हेतु डॉ. नामदेव गौडा (बीजापुर, कर्नाटक), लोककला के लिए श्री शिवपूजन शुक्ल (गोंडा), समाज सेवा के लिए डॉ. आलोक सोनी (दतिया, मध्य प्रदेश), मानव कल्याण व न्याय के लिए श्रीमती स्वाति चौहान (पूर्व न्यायाधीश, फैमिली कोर्ट मुंबई) तथा संगीत साधना के लिए डॉ. स्मृति त्रिपाठी (दिल्ली) को 'वाग्धारा नवरत्न सम्मान 2026' प्रदान किया गया।
समारोह का शुभारंभ सुप्रसिद्ध लोक गायक विनोद दुबे के गीतों से हुई। गायिका श्रद्धा मोहिते ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अवधेश कुमार पांडेय, सुरेश तिवारी यश,नरेंद्र कोठेकर, मनीषा जोशी, नंदिता माज़ी शर्मा, बेला बारोट, विनीता टंडन यादव, देव फौजदार, मुस्तफ़ा यूसुफ़अली गोम, सुनील पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र, ओम प्रकाश तिवारी ,आरती राजदान और कमर हाजीपुरी समारोह में सक्रिय सहभागिता की। एड भार्गव तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
0 Comments