वालीव पुलिस ने 7 आरोपियों को दबोचा"
वसई। प्रतिनिधि : वसई पूर्व स्थित डायमंड इंडस्ट्रियल एस्टेट में कारोबारी की हत्या की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अपने ही बिजनेस पार्टनर की हत्या कराने की कथित साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड सहित सात आरोपियों को वालीव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह साजिश करीब 32 करोड़ रुपये के आर्थिक फायदे के लिए रची गई थी।
24 जुलाई 2026 को जी.एस.एम. फॉइल्स लिमिटेड के पार्टनर मोहनसिंह लक्ष्मणसिंह परमार पर कंपनी से बाहर निकलते समय गोली चलाई गई। पहली गोली लगने के बाद दूसरी गोली नहीं चली, जिसके बाद हमलावर ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर हमला किया और साथी के साथ फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल परमार को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सफल सर्जरी हुई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कंपनी के दूसरे पार्टनर सागर गिरीश भानुशाली को अमेरिकी शेयर बाजार में भारी नुकसान हुआ था, जिससे वह लगभग 55 करोड़ रुपये के कर्ज में डूब गया था। आरोप है कि उसने मोहनसिंह परमार से कंपनी के शेयर खरीदने के लिए लगभग 32 करोड़ रुपये लिए थे। इसके बाद कथित रूप से हत्या की साजिश रची गई, ताकि रकम वापस न करनी पड़े और कंपनी पर पूरा नियंत्रण हासिल किया जा सके।
तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और गुप्त सूचना के आधार पर वालीव पुलिस ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता सागर गिरीश भानुशाली, शूटर सुजीत देवेंद्रभाई पाण्डेय, विजयकुमार प्रजापत विश्वकर्मा, मनोज मूलचंद ठठेरा, गोकुल ओमप्रकाश गौतम, अनुप वीरेंद्र प्रजापति सहित कुल सात आरोपी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मामले की वैज्ञानिक, डिजिटल, आर्थिक और फॉरेंसिक जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश के पीछे किसी संगठित अपराध गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
मुख्य बिंदु
- घटना की तारीख: 24 जुलाई 2026
- स्थान: डायमंड इंडस्ट्रियल एस्टेट, वसई पूर्व
- आर्थिक उद्देश्य: 32 करोड़ रुपये का कथित लाभ
- गिरफ्तार आरोपी: 7
- मुख्य आरोपी: कंपनी का पार्टनर सागर गिरीश भानुशाली
- जांच का आधार: सीसीटीवी, सीडीआर, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना
- जांच जारी: वैज्ञानिक, डिजिटल, आर्थिक एवं फॉरेंसिक जांच
इस पूरे मामले की जांच पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त अशोक वीरकर के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त नितीन गीते, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिलीप घुगे एवं वालीव पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने की।
0 Comments