पूर्वांचल से अब रुक जायेगा पलायन : कृपाशंकर सिंह



उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायकों ने कहा, सरकार रोजगार को लेकर है गंभीर 

भायंदर। पूर्वांचल से पलायन रोकने के लिए गठित प्रवासी फाउंडेशन द्वारा एक संगोष्ठी का आयोजन मीरा भायंदर में किया गया, जिसमें इस बात पर विमर्श हुआ कि यूपी सरकार द्वारा रोजगार के बेहतर संसाधन मुहैया कराये जा रहे हैं, जिसकी वजह से अब लोगों का दूसरे प्रदेशों में जाना कम जरूर हुआ है, लेकिन इसको पूरी तरह से रोकना जरूरी हो गया है। 
आपको बता दें कि प्रवासी फाउंडेशन द्वारा पूर्वांचल से पलायन रोकने के लिए व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है, जिसका नेतृत्व वरिष्ठ भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह कर रहे हैं। उनके साथ भाजपा के पिंडरा विधायक डा. अवधेश सिंह और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह समेत उत्तर भारतीय समाज के कई अन्य गणमान्य इस संगोष्ठी में मौजूद रहे। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृपाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक और सकारात्मक बदलाव आए हैं। राज्य में लगातार हो रहे बुनियादी विकास और देश-विदेश के उद्यमियों द्वारा किए जा रहे भारी निवेश के कारण स्थानीय स्तर पर रोजगार के ढेरों नए अवसर पैदा हुए हैं। सिंह ने कहा, जौनपुर के प्रवासियों की भारी जनसंख्या मुंबई में है, जिसे अब रोकना बहुत जरूरी हो गया है। इसके लिए जिले में जल्द ही टेक्टाइल हब बनाया जायेगा। इसके साथ ही सतहरिया इंडस्ट्रियल एरिया में भूमि अधिग्रहण करके वहां कई इकाइयां स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब पूर्वांचल के लोगों को अपने जिले में ही रोजगार के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो जायेंगे। 
इस अवसर पर विधायक सुशील सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में ही काम मिलने के कारण अब वहां के नागरिकों का दूसरे राज्यों में जाना बंद हो गया है। डा. अवधेश सिंह ने दावा किया कि विकास कार्यों के चलते अब यूपी से महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में होने वाला नागरिकों का माइग्रेशन (पलायन) पूरी तरह से रुक गया है। राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास और औद्योगिक निवेश की वजह से तरक्की के एक नए दौर की शुरुआत हुई है।
संगोष्ठी में जौनपुर के भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह, यूपी भाजपा के प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह, मुंबई भाजपा के महामंत्री पवन त्रिपाठी, उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई भाजपा प्रमोद मिश्रा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments