20 वर्षों की राजनीतिक सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को मिला सम्मान, नियुक्ति से उत्तर भारतीय समाज व युवाओं में उत्साह
वसई-विरार। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेश पाटील की मंजूरी के बाद वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कैप्टन निलेश पेंढारी ने 43 सदस्यीय नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। नई कार्यकारिणी में लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे उत्तर भारतीय नेता रतन तिवारी को वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी का कार्याध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
रतन तिवारी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की और एनएसयूआई तथा युवा कांग्रेस के माध्यम से संगठन में लगातार सक्रिय रहे। पिछले करीब 20 वर्षों से वे वसई-विरार कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। हाल ही में हुए वसई-विरार महानगरपालिका चुनाव में भी उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था।
पार्टी संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, कर्मठता, समर्पण और लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को वसई-विरार में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रतन तिवारी ब्राह्मण समाज के साथ-साथ व्यापक उत्तर भारतीय समाज में भी अपनी मजबूत पकड़ रखते हैं। विशेष रूप से युवाओं के बीच उनकी सक्रियता और लोकप्रियता देखने को मिलती है। उनकी नियुक्ति के बाद उत्तर भारतीय समाज एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
राजनीतिक जानकारों की नजर में यह नियुक्ति कांग्रेस की उत्तर भारतीय मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वसई-विरार की राजनीति में उत्तर भारतीय मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए रतन तिवारी को मिली जिम्मेदारी आने वाले समय में कांग्रेस के लिए अहम साबित हो सकती है।
रतन तिवारी की नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे संगठन में नई ऊर्जा का संचार करने वाला फैसला बताया है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारी के साथ रतन तिवारी किस तरह संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हैं और आगामी राजनीतिक चुनौतियों में कांग्रेस को कितनी मजबूती प्रदान करते हैं।
0 Comments