वसई। पाचूबंदर-किल्लाबंदर, वसई कोलीवाड़ा में 27 अगस्त 2026 को नारळी पूर्णिमा उत्सव बड़े उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। तेजस्वी भारत, पाचूबंदर, वसई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहपरिवार हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे पाचूबंदर स्थित हनुमान मंदिर से श्री साईबाबा मंदिर जेट्टी तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद शाम 5:30 बजे पाचूबंदर जेट्टी पर धर्मरक्षा बंधन का पवित्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों का स्वागत किया गया और नारळी पूर्णिमा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर संबोधन हुआ।
कार्यक्रम में वसई विधानसभा की आमदार स्नेहा ताई दुबे पंडित को प्रमुख अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे व्यक्तिगत कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकीं। उनके सुपुत्र मयंक दुबे ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर उनकी ओर से प्रतिनिधित्व किया।
इस अवसर पर भारतीय नौसेना के विशेष नौदल कमांडो (MARCOS) एवं सुरक्षा विशेषज्ञ अभय कुमार तथा शाओलिन कुंग फू मार्शल आर्टिस्ट एवं कुंग फू मास्टर संजय कनोजिया भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समुद्र देवता वरुण देव की सामूहिक महाआरती की गई। विधि-विधान के साथ मानाचा नारियल समुद्र देवता को अर्पित किया गया तथा कलश का विधिवत विसर्जन किया गया।
नारळी पूर्णिमा के इस पारंपरिक उत्सव के माध्यम से समुद्र देवता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही कोली समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत रखने का संदेश दिया गया। उत्सव के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
0 Comments