पवई में भक्तिमय माहौल में मनाई गई गणेश चतुर्थी, तारकेश्वर यादव के निवास पर हुआ सामूहिक पूजन

मुंबई/पवई। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पवई के कैलाश नगर स्थित मुरंजन चाल में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। स्थानीय निवासी तारकेश्वर यादव के निवास स्थान पर सामूहिक श्री सत्यनारायण महापूजा एवं गणपति पूजन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लॉयर  गिरीश केशवराम मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान गणपति एवं सत्यनारायण भगवान के दर्शन किए और महाआरती में शामिल होकर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर समाजसेवक  शिवप्रसाद यादव और 'राष्ट्रीय स्वाभिमान' दैनिक हिंदी समाचार पत्र के संपादक अश्विनीकुमार दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।

पूजन एवं महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में स्थानीय नागरिकों और यादव परिवार की सक्रिय भागीदारी रही। भक्तों के जयकारों से पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के उद्घोष से गूंज उठा।

आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments