धान मिलिंग के बकाया भुगतान, गोदाम किराया और जर्जर बारदाने का मुद्दा उठा; राशन कार्ड मामलों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग
वसई: पालघर जिले में आधारभूत मूल्य खरीद योजना के तहत धान खरीदी और मिलिंग से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों के साथ-साथ वसई विधानसभा क्षेत्र में राशन कार्ड से संबंधित नागरिकों की समस्याओं को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने बुधवार को राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल के साथ मंत्रालय में बैठक की।
बैठक में विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने पालघर जिले की आदिवासी सेवा संस्थाओं, मिलर्स और गोदाम मालिकों से जुड़े कई लंबित मुद्दों को उठाते हुए इनके तत्काल निपटारे की मांग की।
धान मिलिंग के बकाया भुगतान का मुद्दा
विधायक ने मांग की कि खरीफ सीजन 2021-22 और 2022-23 के धान मिलिंग के लंबित भुगतान तत्काल किए जाएं। इसके अलावा धान के वास्तविक भंडारण की अवधि को ध्यान में रखते हुए घट और गोदाम किराए से संबंधित निर्णय लेने तथा पात्र लंबित गोदाम किराए की देनदारियों की जांच कर उनका भुगतान करने की मांग की गई।
उन्होंने धान मिलिंग के लिए वितरित किए गए जर्जर बारदाने के मामले में भी संबंधित संस्थाओं या मिलर्स से सीधे राशि काटने के बजाय उचित और पारदर्शी कार्यप्रणाली निर्धारित करने की मांग रखी।
विधायक ने मंत्री के समक्ष यह भी कहा कि पालघर जिले में बड़ी संख्या में आदिवासी वनपट्टा धारक हैं और इनमें से कई परिवार वर्ष में होने वाले एकमात्र कृषि मौसम पर निर्भर हैं। इसलिए जिले की धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्वतंत्र बैठक आयोजित की जाए।
लंबित फाइलों पर जल्द निर्णय का आश्वासन
बैठक में मंत्री छगन भुजबल ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित सभी फाइलें अगले 2-3 दिनों में मंत्री कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत की जाएं, ताकि उन पर जल्द निर्णय लिया जा सके। उन्होंने बोनस मंजूर करने की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
हर वर्ष सामने आने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए स्वतंत्र सिस्टम विकसित करने की बात भी मंत्री भुजबल ने कही। केंद्र सरकार से संबंधित कुछ अनुदान लंबित होने की जानकारी देते हुए उन्होंने इस संबंध में भी आवश्यक स्तर पर पाठपुरावा करने का आश्वासन दिया।
पालघर जिले की धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं पर जल्द ही स्वतंत्र बैठक आयोजित करने का आश्वासन भी विधायक स्नेहा दुबे पंडित को दिया गया।
वसई में राशन कार्ड की समस्याओं पर भी उठाई आवाज
बैठक में विधायक ने पालघर जिले, विशेष रूप से वसई विधानसभा क्षेत्र में राशन कार्ड से जुड़े लंबित मामलों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि नए राशन कार्ड बनाने, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने, नाम में सुधार, पता बदलने और परिवार के मुखिया का नाम बदलने जैसी सेवाओं के लिए नागरिकों को अनावश्यक देरी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने मांग की कि शासन द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर इन सेवाओं का निपटारा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
एजेंट-अधिकारी गठजोड़ की शिकायतों की जांच की मांग
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने इस संबंध में मंत्री को लिखित निवेदन भी सौंपा। इसमें वसई में राशन कार्ड प्रक्रिया को लेकर नागरिकों से प्राप्त एजेंटों और संबंधित अधिकारियों के संभावित मिलीभगत की शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई।
साथ ही पालघर जिलाधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी और संबंधित अन्न वितरण अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर राशन कार्ड से जुड़े लंबित मामलों, नागरिकों की शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करने तथा उसका कृती/एक्शन रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
बैठक में सांसद प्रफुल्ल पटेल सहित विधायक सुधीर मुनगंटीवार, नाना पटोले, परिणय फुके, विनोद अग्रवाल, अविनाश ब्राह्मणकर, कृष्णा गजबे, रामदास मसराम, विजय रहांगडाले, राजकुमार बडोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
0 Comments