जरूरतमंद बच्चों को बांटे गए स्कूल बैग और मिठाइयां, रंगोली प्रतियोगिता में बच्चियों ने दिखाई प्रतिभा
नालासोपारा : माँ कालिका धाम चैरिटेबल फाउंडेशन, मुंबई की ओर से आयोजित ‘अवध के राम – खुशी के दीपोत्सव 2026’ का भव्य एवं दिव्य आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। लोढ़ा फाउंडेशन ट्रस्ट एवं स्नेहा इवेंट्स एंड मैनेजमेंट, मुंबई के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, शिक्षा, संस्कृति और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आचार्य अवधेश दास जी, प्रमुख पुजारी, श्री राम मंदिर ट्रस्ट, नालासोपारा पूर्व के हाथों दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अमन रॉय (लोढ़ा ग्रुप, मुंबई), संकेत दोषी, राजेंद्र प्रसाद सिंह (बबलू), वरिष्ठ समाजसेवी अशोक भविषी, संतोष उपाध्याय तथा एडवोकेट संदीप कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रंगोली प्रतियोगिता रही, जिसमें बच्चियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। अतिथियों ने रंगोलियों का निरीक्षण कर प्रतिभागियों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग एवं मिठाइयां वितरित की गईं। इस पहल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनके चेहरों पर खुशियां बिखेरने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, बच्चों और श्रद्धालुओं ने श्री राम मंदिर में आयोजित भव्य आरती में हिस्सा लिया। आरती के पश्चात उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने माँ कालिका धाम चैरिटेबल फाउंडेशन की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहल की सराहना करते हुए आयोजक मंडल और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की प्रशंसा की। आयोजन को सफल बनाने में लोढ़ा फाउंडेशन ट्रस्ट, सरस्वती एकेडमी पार्टनर एवं आर्यन दुबे का विशेष सहयोग रहा। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान के लिए आरती मैडम के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया।
संस्था के चेयरमैन विष्णु मिश्रा ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, समाजसेवियों, अभिभावकों एवं बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य सामाजिक सेवा, शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के लिए निरंतर कार्य करना है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
0 Comments