नालासोपारा में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, पति ने ग्रांट रोड स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान



नालासोपारा: नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चरित्र पर शक के चलते एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

मृतक दंपति की पहचान 50 वर्षीय माजिद खान और उनकी 41 वर्षीय पत्नी तबस्सुम खान के रूप में हुई है। दोनों नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा इलाके में रहते थे।

पुलिस के अनुसार, तबस्सुम घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। इस दौरान ट्यूशन पढ़ने वाले बच्चों के पिता का घर पर आना-जाना होता था। इसी बात को लेकर माजिद अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इस मुद्दे पर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 5 बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में माजिद ने तबस्सुम का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी और इसके बाद घर से निकल गया।

वहीं, शनिवार दोपहर माजिद ने ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नालासोपारा पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments