पूर्व सभापति रमेश घोरकना के संरक्षण में अवैध निर्माण होने का आरोप, महापौर अजीव पाटिल से कथित करीबी को लेकर भी चर्चाएं
वसई: वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति ‘जी’, वालीव कार्यक्षेत्र अंतर्गत वसई पूर्व के भोईदापाड़ा में कथित रूप से अवैध तरीके से बनाए गए मारुति इंडस्ट्रियल पार्क को लेकर मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि पूर्व सभापति रमेश घोरकना के संरक्षण में इस इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण किया गया है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय स्तर पर कुछ समाजसेवियों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
स्थानीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, इस निर्माण को लेकर पहले भी आपत्तियां उठाई गई हैं। इसके बावजूद महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी आखिर कार्रवाई करने से क्यों बच रहे हैं, यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है। क्या संबंधित अधिकारियों को इस कथित अवैध निर्माण की जानकारी नहीं है या फिर किसी राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं की जा रही है?
इस मामले में पूर्व सभापति रमेश घोरकना और महापौर अजीव पाटिल के बीच कथित राजनीतिक करीबी को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हैं। हालांकि, इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब सवाल यह है कि यदि मारुति इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण नियमों के विरुद्ध हुआ है, तो महानगरपालिका ने अब तक निर्माण की जांच क्यों नहीं की? क्या संबंधित निर्माण की अनुमति, जमीन के उपयोग और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई है? शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के पीछे आखिर क्या वजह है?
स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों की मांग है कि मनपा आयुक्त सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराएं। यदि निर्माण अवैध पाया जाता है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि महानगरपालिका प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करता है या फिर भोईदापाड़ा का यह कथित अवैध इंडस्ट्रियल पार्क भी फाइलों में उलझकर रह जाएगा।
0 Comments