वसई-विरार के औद्योगिक कर, रिक्त पदों और राशन कार्ड की समस्याओं पर मंत्रालय में मैराथन बैठक


विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से की चर्चा; औद्योगिक संपत्ति कर में राहत, भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और राशन कार्ड की शिकायतों के शीघ्र निपटारे की मांग
वसई: वसई-विरार क्षेत्र के औद्योगिक गालों पर संपत्ति कर की दरों, महानगरपालिका में रिक्त पदों, राजशिष्टाचार के उल्लंघन, पंचायत समिति कार्यालय की बदहाल स्थिति और राशन कार्ड में कथित अनियमितताओं सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें कीं। इन बैठकों में संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई।

औद्योगिक संपत्ति कर में राहत की मांग

वसई-विरार क्षेत्र के लगभग 20 से 22 हजार छोटे-बड़े उद्यमियों और कामगारों की समस्याओं को लेकर गोवालिस इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती, वसई तालुका को-ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन तथा वसई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 5 अक्टूबर 2026 को विधायक स्नेहा दुबे पंडित को ज्ञापन सौंपा था।

ज्ञापन में औद्योगिक गालों में बनाए गए पोटमाले और शेड पर पूर्वलक्षी प्रभाव से अधिक दरों पर की गई कर वसूली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।

इस विषय पर विधायक ने नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. के. एच. गोविंदराज के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को तत्काल मंजूरी देने तथा संशोधित संपत्ति कर की दरों को वित्तीय वर्ष 2023-24 से लागू करने की मांग की।

अपर मुख्य सचिव ने संबंधित प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने और शीघ्र मंजूरी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

मनपा के रिक्त पदों को भरने की मांग

वसई-विरार महानगरपालिका में पिछले कई वर्षों से वरिष्ठ अधिकारियों के पद रिक्त होने के कारण नागरिक सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विधायक ने इस मुद्दे को भी अपर मुख्य सचिव के समक्ष उठाया।

उन्होंने प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे जाने वाले रिक्त पदों को तत्काल भरने तथा सीधी भर्ती के रिक्त पदों के लिए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

इस पर अपर मुख्य सचिव ने प्रतिनियुक्ति के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया नगर विकास विभाग के माध्यम से शुरू करने और सीधी भर्ती के संबंध में मनपा प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।

राजशिष्टाचार उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग

बैठक में महानगरपालिका प्रशासन द्वारा बार-बार राजशिष्टाचार का उल्लंघन किए जाने की घटनाओं पर भी चर्चा हुई। विधायक ने जनप्रतिनिधियों को अधूरी अथवा भ्रामक जानकारी दिए जाने और प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही बरते जाने का मुद्दा उठाया।

उन्होंने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। अपर मुख्य सचिव डॉ. गोविंदराज ने पूरे मामले की तत्काल रिपोर्ट मंगाकर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

राशन कार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए वसई में कैंप

इसके बाद विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने अन्न एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ वसई की राशन वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, राशन कार्ड प्राप्त करने में नागरिकों को होने वाली परेशानियों तथा भ्रष्टाचार की शिकायतों पर चर्चा की।

उन्होंने इन मामलों की तत्काल जांच करने और नागरिकों को राहत देने की मांग की। विभागीय अधिकारियों ने जनवरी 2027 से प्रत्येक महीने वसई में एक बार विशेष शिविर आयोजित कर संबंधित महीने की शिकायतों का तत्काल निपटारा करने के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही।

पंचायत समिति कार्यालय के पुनर्निर्माण का मुद्दा

वसई तालुका पंचायत समिति कार्यालय के पुनर्निर्माण को लेकर भी ग्राम विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

विधायक ने बताया कि पंचायत समिति की पुरानी इमारत को तोड़ने के बाद नई इमारत के निर्माण को अब तक मंजूरी नहीं मिली है। इससे कार्यालय में काम करने वाले अधिकारियों और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर संबंधित अधिकारियों ने फाइल तत्काल मंगाकर उसकी जांच करने और जल्द ही पुनर्निर्माण का प्रस्ताव शासन के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया।

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि वसई-विरार क्षेत्र के उद्यमियों, नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से जुड़े इन सभी मुद्दों का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों से समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए ठोस कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।

Post a Comment

0 Comments