संत रोहिदास अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम नया नाम: कैबिनेट मंत्री लोढ़ा



मुंबई। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में संचालित अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम को आज से ‘संत रोहिदास अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम’ के नाम से जाना जाएगा। उद्योग क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं और रोजगार के नए अवसरों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार की ओर से संचालित अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के STEP कार्यक्रम का विस्तार किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों मंत्रालय में किया गया। तीसरे चरण में राज्य के युवाओं के लिए कुल 26,520 प्रशिक्षण सीटों की क्षमता उपलब्ध कराई गई है, जिनमें से अब तक 18,266 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रवेश लिया है। इस अवसर पर ऑनलाइन माध्यम से अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा, आयुक्त डॉ. अमित सैनी, व्यवसाय एवं प्रशिक्षण निदेशालय के संचालक सतीश सूर्यवंशी तथा 400 आईटीआई के प्राचार्य उपस्थित थे।
मंत्री लोढ़ा ने कहा कि उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आईटीआई के विद्यार्थियों के कौशल को विकसित करने में ये पाठ्यक्रम उपयोगी साबित होंगे। डिग्री शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और कौशल संवर्धन भी आवश्यक है। इसके माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा या काम के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा देने के लिए दो, तीन अथवा चार घंटे के प्रमाणित कौशल पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। बदलती तकनीक के इस दौर में युवाओं के पास केवल शैक्षणिक डिग्री होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं रोजगारपरक कौशल होना भी आवश्यक है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में STEP अर्थात अल्पकालिक रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इस पहल के पहले चरण का शुभारंभ 8 अक्टूबर 2025 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया गया था। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि पारंपरिक कौशल प्रशिक्षण को आधुनिक तकनीक से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं का कौशल विकास करना और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना STEP कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इस पहल से राज्य के युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं के कौशल विकास के लिए भी इस कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अल्पकालिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पहले चरण में 260 प्रशिक्षण बैचों के माध्यम से 7,234 महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराया गया। इनमें सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन, जूनियर सॉफ्टवेयर डेवलपर और ब्यूटी थेरपिस्ट जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments