सामाजिक कार्यकर्ता अनिल गलगली ने उठाए सवाल, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई और कार्यवाहक डीन की जवाबदेही तय करने की मांग
मुंबई : मुंबई के प्रतिष्ठित सरकारी केईएम अस्पताल में लिफ्टों की बदहाल व्यवस्था मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। अस्पताल की बहुमंजिला इमारतों में सात लिफ्ट बंद होने से मरीजों, डॉक्टरों, कर्मचारियों और परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि लिखित शिकायत और प्रशासन की ओर से मरम्मत का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने 27 नवंबर 2025 को मुंबई महानगरपालिका प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बंद पड़ी सभी सात लिफ्टों की तत्काल मरम्मत, मरम्मत पूरी होने की समयसीमा घोषित करने और तब तक मरीजों की सुविधा के लिए वैकल्पिक लिफ्ट की व्यवस्था करने की मांग की थी।
गलगली की शिकायत पर केईएम अस्पताल के डीन ने पत्र के माध्यम से सात लिफ्ट बंद होने की पुष्टि करते हुए बताया था कि उनकी मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि, इसके बावजूद लिफ्टों की समस्या कायम रहने और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने से अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में लिफ्ट केवल सुविधा नहीं, बल्कि गंभीर मरीजों और दिव्यांगों के लिए बेहद जरूरी व्यवस्था है। ऐसे में लिफ्ट बंद रहने से मरीजों को होने वाली परेशानी को नजरअंदाज करना उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है।
अनिल गलगली ने मांग की है कि इस मामले में मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल विभाग के संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल के कार्यवाहक डीन की प्रशासनिक जवाबदेही भी निश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।
गलगली ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि 27 नवंबर 2025 को की गई उनकी लिखित शिकायत पर अस्पताल प्रशासन ने समय रहते गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो आज मरीजों और उनके परिजनों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। प्रशासन की निष्क्रियता के कारण ही यह स्थिति बनी हुई है।
0 Comments