वसई-विरार में रात की पुलिस गश्त बढ़ाने, अवैध लॉज पर कार्रवाई और ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने पर हुई चर्चा
वसई। वसई-विरार शहर में बढ़ते अवैध धंधों, कथित देह व्यापार, नशीले पदार्थों की बिक्री, अवैध फेरीवालों, हाईवे परिसर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और गंभीर होती यातायात समस्याओं को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने पुलिस प्रशासन के समक्ष कड़ा रुख अपनाया है। इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बैठक में शहर की कानून-व्यवस्था, नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान पुलिस उपायुक्त ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक कदम उठाने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कथित अवैध देह व्यापार से जुड़े अब तक 79 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई। वहीं, ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा अब तक चार लॉज सील किए जाने की जानकारी भी सामने आई। इस तरह के गैरकानूनी कारोबार में शामिल प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई करने की बात कही गई।
हाईवे और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तथा यातायात पुलिस द्वारा नियमित जांच और निगरानी करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अवैध फेरीवालों, सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। बैठक में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का मुद्दा भी उठाया गया।
वाइन शॉप के आसपास होने वाली आपराधिक गतिविधियों, सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले गैरकानूनी कृत्यों और नशीले पदार्थों की बिक्री व सेवन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी विधायक ने की। साथ ही दोषियों के खिलाफ मामले दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
ट्रैफिक जाम से निजात के लिए विशेषज्ञों की मदद
वसई-विरार में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या, अनियंत्रित पार्किंग और सड़कों पर लगने वाले जाम को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। विधायक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि शहर की यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए यातायात क्षेत्र के विशेषज्ञों से पहले ही चर्चा की जा चुकी है। उनके सुझावों के आधार पर तैयार उपायों को जल्द लागू करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा, अपराध पर नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद उन्होंने इन सभी मुद्दों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई का फॉलोअप करने की बात कही।
इस बैठक में परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, भाजपा वसई-विरार शहर जिला सचिव प्रवीण गावडे, वसई रोड मंडल अध्यक्ष एवं नगरसेवक महेश सरवणकर, नगरसेवक प्रदीप पवार, नगरसेविका अपर्णा पाटील, दीपक शर्मा, संतोष काकड, कल्पेश पांडे, साईराज पवार सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
0 Comments