जौनपुर, उ.प्र.। जिले की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक कुल्हनामऊ स्थित सालिडवेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बनकर तैयार हो गई। प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन व आवास एवं शहरी नियोजन राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को फीता काटने के साख ही विधि-विधान से पूजन कर लोकार्पण किया। यह 12.20 करोड़ की लागत से बनकर तैयार है। इसके साथ ही मंत्री ने अन्य 105 कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण इंग्लिश क्लब में किया।
दोपहर एक बजे पहुंचे मंत्रीद्वय ने सबसे पहले तैयार सालिडवेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का फीता काटा। इसके बाद विद्वतजनों ने मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन कराया। मंत्री द्वय ने लोकार्पण के बाद परियोजना क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद बटन दबाकर प्लांट की मशीन चालू किया। एमडी ए-टू जेड अमित मित्तल ने मंत्रीद्वय को सालिडवेस्ट की विधिवत जानकारी दी। नगर विकास मंत्री ने शुक्रवार से कार्य शुरू करने का निर्देश भी दिया। जहां पूर्व चेयरमैन दिनेश टंडन, डीएम मनीष कुमार वर्मा, एडीएम भू-राजस्व राजकुमार द्विवेदी, नवीन अग्रवाल, प्रोजेक्ट मैनेजर समय सिंह, ईओ संतोष कुमार मिश्र, सीएंडडीएस परियोजना के प्रबंधक एमएम यादव, प्लांट हेड राजेश शर्मा, राजकुमार आदि मौजूद रहे।
प्लास्टिक की चीजों का न करें उपयोग: मंत्री
नगर विकास आशुतोष टंडन, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इंग्लिश क्लब में 105 अन्य कार्यों का भी लोकार्पण व शिलान्यास किया। नगर विकास मंत्री ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिए कि कचरा कम उत्पन्न हो और प्लास्टिक की चीजों बिल्कुल न प्रयोग करें। शहरों में फल और सब्जियां भी प्लास्टिक पैक में ले जाते हैं, इससे हमें बचना चाहिए। वहीं राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जीवन स्तर के उच्च मानकों के स्थापित होने से जनसंख्या में वृद्धि के साथ ही निकलने वाले ठोस अपशिष्ट की मात्रा में भी वृद्धि हुई है, ऐसा महसूस किया गया कि यदि इसी तरह कचरा बढ़ता रहा तो एक दिन इसको नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए ठोस कचरा प्रबंधन इसके हानिकारक प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण साबित होता है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, ओमप्रकाश सिंह, जिला महामंत्री सुशील मिश्र, पीयूष गुप्त, मनोज दुबे, अमित श्रीवास्तव, राजू दादा, कमला सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
0 Comments