रांची. झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों पुलिस पर तंज कसते ये खास पोस्टर चर्चा में हैं। इन पोस्टरों में चोरी जैसी छोटी-मोटी वारदातों पर भी अंकुश लगाने में नाकाम झारखंड पुलिस की नाकामी का दर्द साफ झलक रहा है। दरअसल, लोग पुलिस से चोरी की घटनाओं की शिकायत कर-करके निराश हो गए तो उन्होंने अपने घरों के बाहर ऐसे पोस्टर लगा दिए। इन पोस्टरों पर चोरों के नाम संदेश लिखा है- 'इस घर में पहले चोरी हो चुकी है अब यहां कुछ नहीं बचा है, बेकार मेहनत ना करें।'
मामला रांची के पुनदाग थाना क्षेत्र के भगवती नगर का है। लोगों के मुताबिक यहां महीनों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। कई घर तो ऐसे हैं जहां एक नहीं, कई-कई बार चोरी हो चुकी। लोग बुरी तरह परेशान हैं। पुलिस से कई बार शिकायतों के बावजूद कोई सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में लोगों ने खुद ही कुछ करने की सोची और चोरों के नाम संदेश वाले ये पोस्टर लगा डाले। उन्हें लगता है कि शायद ऐसे मैसेज पढ़कर चोर अपना इरादा बदल दें।
चोरों का अजब तरीका
इस इलाकें में हाथ साफ करने वाले चोरों का भी अपना अजब तरीका है। लोगों का कहना है कि उन्हें जिस घर में चोरी करनी होती है उसके आसपास के घरों के दरवाजे पर ताले लगा देते हैं। इसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। क्षेत्र में लोग चोरी की वारदातों से इतना घबड़ाए हुए हैं कि अब कहीं बाहर जाने से कतराने लगे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस थोड़ा सचेत रहे और रात में गश्त बढ़ा दे तो वारदातों पर अंकुश लग सकता है।
0 Comments