जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तरह 2022 विधानसभा चुनाव भी जीतेगी भाजपा–जयप्रकाश सिंह | Khabare Purvanchal

मुंबई: उत्तर प्रदेश के ज़िला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजों ने मुंबई के भाजपाइयों का जोश दोगुना कर दिया। अनेक स्थानों पर भाजपाइयों ने लोगों को मिठाईयां बांटी और जमकर डांस भी किया। उत्तर भारतीय मोर्चा, मुंबई के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने कहा कि ज़िला पंचायत अध्यक्ष चुनाव का परिणाम 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की झलक है। भारतीय जनता पार्टी 2022 के चुनाव में भी रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की रणनीति ने विरोधियों की हवा निकाल दी। 
समाजवादी पार्टी सिर्फ लोगों में भ्रम और भय फैलाने का काम कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव परिणाम से साबित हो गया कि उत्तर प्रदेश की जनता, सबका साथ ,सबका विकास, की विचारधारा रखने वाली भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास करती है। जयप्रकाश सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थिति मजबूत करने का दावा करनेवाली कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में भी खाता नहीं खोल पाएगी। ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 75 में से 67 स्थानों पर शानदार विजय हासिल की है।

Post a Comment

0 Comments