जौनपुर: भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश करने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद ,जौनपुर आगमन पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह का आज उत्सव सभागृह में ऐतिहासिक सम्मान किया गया। इस सम्मान का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि कृपाशंकर सिंह का जनपद की तरफ से सम्मान करने के लिए उत्तर प्रदेश के दो मंत्री, दो सांसद तथा पांच विधायकों के अलावा और राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी मंच पर उपस्थित रहे।
बाबतपुर विमानतल से उतरने के बाद कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने तक 51 स्थानों पर कृपाशंकर सिंह का फूल माला तथा जय श्रीराम के नारे के साथ स्वागत किया गया। जौनपुर शहर की हर सड़कों पर जय श्रीराम के नारे गूंज रहे थे। कार्यक्रम में विशेष रुप से उपस्थित गोरखपुर के सांसद तथा प्रख्यात फिल्म अभिनेता रवि किशन ने कहा किकृपाशंकर सिंह महाराष्ट्र के सर्वाधिक लोकप्रिय उत्तर भारतीय नेता रहे हैं। हमेशा उत्तर भारतीयों के हितों एवं संरक्षण के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि कृपा जी के आने से भारतीय जनता पार्टी की ताकत और जनाधार बढ़ेगा। पिंड्रा के विधायक डॉ अवधेश सिंह ने कहा कि कृपाशंकर सिंह के भाजपा में आने से देश के अनेक राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कृपाशंकर सिंह कि परिश्रम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि मुंबई तथा मुंबई के बाहर जिस तरह से लाखों लोगों ने उनकी यात्रा में शिरकत की, वह आश्चर्यजनक रहा। सांसद बी पी सरोज ने कहा कि कृपाशंकर सिंह करिश्माई व्यक्तित्व के धनी हैं। कर्मभूमि के साथ-साथ जन्मभूमि के विकास में उनका हम योगदान रहा है। कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने कहा कि कृपाशंकर सिंह के भाजपा में आने से हमारी ताकत और जोश दोनों में बढ़ोतरी हुई है। 2022 का चुनाव हम शानदार तरीके से जीतेंगे। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि कृपाशंकर सिंह ने महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई तथा संपूर्ण महाराष्ट्र में जिस तरह से जौनपुर का गौरव बढ़ाया वह हम सबके लिए गर्व की बात है।समारोह की अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने कहा कि कृपाशंकर सिंह ने हमेशा जौनपुर के लोगों की विशेष मदद की है। जब भी कोई व्यक्ति परेशानी में रहा है, उन्होंने पार्टी से ऊपर उठकर उसकी मदद की है। कृपाशंकर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीयता की भावना, राष्ट्रप्रेम की अभिलाषा को पूरा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। अपने को भारतीय जनता पार्टी का सबसे कनिष्ठ कार्यकर्ता बताते हुए कृपाशंकर सिंह ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि भारतीय जनता पार्टी जैसी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी ने उन्हें अपनी सदस्यता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वह मोदी जी के मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर विधायक रमेश मिश्रा, विधायक हरेंद्र सिंह, विधायक डॉ लीना तिवारी, विधायक दिनेश चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष समेत भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर आयोजन भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश सिंह ने किया।
0 Comments