नगरसेवक मदन सिंह के प्रयासों से दसमा देवी के विसर्जन को मिली अनुमति | मीरा भायंदर के 5000 परिवारों में खुशी की लहर | Khabare Purvanchal

भायंदर। मीरा भायंदर शहर में रहने वाले गुजरात के चरोतर रूखी समाज के श्रद्धा और विश्वास की देवी, दसमा देवी के विसर्जन को लेकर चल रही समस्या का निराकरण कर लिया गया है। पिछले 20 वर्षों से, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नगरसेवक मदन उदित नारायण सिंह के प्रयासों से जेसलपार्क चौपाटी पर दसमा माता का विसर्जन किया जा रहा हैं। कोरोना संक्रमण के चलते इस वर्ष प्रशासन द्वारा विसर्जन पर रोक लगा दी गई। 
मीरा भायंदर शहर में इस समाज के करीब 5000 परिवार रहते हैं, जिनमें करीब 2000 परिवारों के घर में दशमा माता की मूर्ति स्थापित की जाती है। नगरसेवक मदन सिंह ने चरोतर रूखी समाज के लोगों के साथ महापौर ज्योत्सना हसनाले से मुलाकात कर समाज के आस्था की प्रतीक मूर्तियों के विसर्जन की अनुमति मांगी। महापौर तथा आयुक्त से इजाजत मिलने के बाद अब मूर्तियों के विसर्जन के लिए मीरा भायंदर शहर में 6 स्थानों पर मूर्तियों को महानगरपालिका द्वारा सम्मान के साथ इकट्ठा करने के लिए केंद्र बनाए गए हैं। भायंदर पूर्व बंदरवाड़ी नाका, केबिन रोड नाका ,हनुमान मंदिर नाका ,शिवसेना गली ,राजीव गांधी अस्पताल, मीरा रोड तथा पंडित भीमसेन जोशी अस्पताल पर बनाए गए कलेक्शन केंद्रों पर 17 अगस्त की रात 12 बजे से 18 अगस्त की सुबह 7 बजे तक महापालिका कर्मचारियों द्वारा दशमा माता की मूर्तियों का सम्मानपूर्वक ग्रहण कर, तत्काल उन्हें जेसलपार्क चौपाटी पर विसर्जित कर दिया जाएगा। मदन सिंह ने चरोतर रूखी समाज के लोगों से अपील की है कि वह अपने सन्निकट केंद्रों पर दसमा माता की मूर्ति को महापालिका कर्मचारियों के सुपुर्द करें।

Post a Comment

0 Comments