मुंबई। महाराष्ट्र के मंत्रालय और विधान मंडल पत्रकार संघ ने जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील के जमुआं ग्राम पंचायत क्षेत्र के मूल निवासी दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार विनोद यादव को महाराष्ट्र के सबसे प्रतिष्ठित “उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार” के लिए चुना है। गौैरतलब है कि जानलेवा कोरोना महामारी के दौरान दो बड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग वरिष्ठ पत्रकार विनोद यादव ने की। कोरोना महामारी के दौरान उनकी पहली ग्राउंड रिपोर्टिंग 17 मई से 22 मई 2020 की रही। लॉकडाउन और कोरोना महामारी की पहली ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान मुंबई से वाराणसी तक उन्होंने कुल 1,558 किमी सड़क मार्ग से यात्रा की। और शहरों से पलायन कर रहे श्रमिकों की कहानी दुनिया के सामने लाई। दूसरी ग्राउंड रिपोर्टिंग महाराष्ट्र के कोरोना प्रभावित जिलों की रही। यह ग्राउंड रिपोर्टिंग 8 अप्रैल 2021 को शुरु हुई और 14 अप्रैल 2021 को खत्म हुई। मुंबई से पुणे, पुणे से नासिक, नासिक से औरंगाबाद, औरंगाबाद से अमरावती होते हुए नागपुर तक का कुल 763.6 किमी का सड़क मार्ग से यात्रा की। दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार विनोद यादव ग्राउंड रिपोर्टिंग और खोजी पत्रकारिता के लिए मुंबई के पत्रकारों में जानेजाते हैं। वे मुंबई प्रेस क्लब के सदस्य भी हैं। इसके अलावा मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष और उत्तर मुंबई पत्रकार संघ के कोषाध्यक्ष का पदभार वर्तमान में संभाल रहे हैं। पूर्वांचल की माटी से संबंध रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार विनोद यादव मुंबई स्थित मंत्रालय में करीब 16 वर्षों से सक्रिय रूप से पत्रकारिता कर रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार विनोद यादव के अलावा मंत्रालय और विधान मंडल पत्रकार संघ ने वरिष्ठ संपादक एवं राज्यसभा सदस्य कुमार केतकर को जीवन गौरव पुरस्कार के लिए और न्यूज-18 लोकमत चैनल के विलास बडे व दैनिक बीड के पत्रकार शेख रिजवान शेख का नाम भी प्रतिष्ठित “उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार” के लिए चुना गया है।
0 Comments