एमएसएमई उद्योगों को संगठित कर समस्याओं के निराकरण में जुटें कार्यकर्ता - गोपाल शेट्टी


मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा एमएसएमई सेक्टर के उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज समेत तमाम तरह की योजनाएं क्रियान्वित कर उन्हें प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बावजूद इसके इस असंगठित क्षेत्र के समक्ष तमाम समस्याएं हैं, जो जागरूकता के अभाव में हल नहीं हो पा रही हैं। यह बातें उत्तर मुंबई के भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी ने मुंबई भाजपा कार्यालय, दादर पूर्व में आयोजित उद्योग प्रकोष्ठ के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि आज बहुत ही शुभ दिन है, जब हिंदवी स्वराज की स्थापना कर देश-दुनिया में भारत का डंका बजाने वाले महाराष्ट्र के आराध्य देव छत्रपति शिवाजी महाराज तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सर संघचालक गोलवलकर गुरूजी की जयंती है, और आज ही उद्योग प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। शेट्टी ने कहा कि एमएसएमई की स्थिति झोपडपट्टी की भांति है, कारण कि सभी कार्य अनियोजित ढंग से यहां हो रहे हैं। इस सेक्टर में 6 लाख से अधिक यूनिट्स हैं, लेकिन महज 4 फीसदी ही सरकार के पास पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि यह सच है कि बड़े उद्योग मोदी सरकार के कार्यकाल में निरंतर बढ़ रहे हैं, लेकिन पंजीकृत न होने की स्थिति में छोटे उद्योग-धंधों को सरकारी बैंकों से ऋण, अथवा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि इस सेक्टर से जुड़े लाखों परिवारों का भरण-पोषण  इसी पर निर्भर है। सांसद गोपाल शेट्टी ने उद्योग प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आह्वान करते हुए कहा कि बड़ा पद लेना ही नहीं, बल्कि उसका सही ढंग से उपयोग महत्वपूर्ण है, लिहाजा वे छोटे उद्योगों को संगठित करें, जिससे उन्हें पंजीकृत कर नियमित कर संकट से उबारा जा सके। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योग के प्रोडेक्ट का आनलाईन रजिस्ट्रशन करें। सिस्टम को समझना, उपयोग करना जरूरी है। शेट्टी ने कहा कि छोटा कार्यकर्ता बहुत कुछ कर लेता है, लिहाजा सभी ग्रास रूट पर काम करें, और जो भी मदद उद्योग प्रकोष्ठ को लगेगी, वह हम करने को सदैव तैयार हैं। नवनियुक्त पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए शेट्टी ने कहा कि आप बड़े, साथ वाले बड़े बने, तो पार्टी बड़ी बनेगी। पार्टी एक व्यवस्था है, काम आपको करना है, लिहाजा इंडस्ट्री और लोगों की समस्याओं का निराकरण करने में पूरेे जोश के साथ आज और अभी से जुट जाएं, क्योंकि आपको शंकर भानुशाली जैसा जुझारू और जोशीला सेनापति भाजपा ने दिया है। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि पार्टी में उद्योग और व्यापार प्रकोष्ठ सबसे अहम है, और इस प्रकोष्ठ को आने वाले मुंबई महानगरपालिका चुनाव में अपनी जिम्मेदारी मजबूती से निभानी है। उन्होंने कहा कि व्यापार, उद्योग के बिना कोई देश तरक्की नहीं कर सकता। लोढ़ा ने कहा कि प्राचीन काल में किसी भी राज्य में जितना महत्व सेनापति का होता था, उतना ही नगर-सेठ का। नगर-सेठ के आर्थिक योगदान से ही राजपाट की सभी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती थी, वही स्थिति आज भी है, और व्यापारियों, उद्योगपतियों के योगदान के बिना कुछ भी संभव नहीं है। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि आने वाले डेढ़ महीने हम सभी के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। मनपा में सत्ताधारी शिवसेना ने 25 वर्षों के शासनकाल में मुंबई के जन-जीवन को नर्क बना दिया है। मुंबई के नवजीवन के लिए इस बार सत्ता परिवर्तन बहुत जरूरी है, अगर इस बार हम चूके, तो आने वाली पीढ़ी हमें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और मुंबईकरों के जनसमर्थन के बलबूते भाजपा मुंबई महानगरपालिका के चुनाव में 150 से भी अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रवीण छेडा, संयोजक प्रतीक कर्पे, मुंबई अध्यक्ष शंकर भानुशाली ने भी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संबोधित किया। सभी अतिथियों का सत्कार उद्योग प्रकोष्ठ के मुंबई अध्यक्ष शंकर भानुशाली ने किया। सांसद गोपाल शेट्टी, मुुंबई अध्यक्ष एवं विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा, प्रभारी प्रवीण छेडा तथा उद्योग प्रकोष्ठ के मुंबई अध्यक्ष शंकर भानुशाली के हाथों नवनियुक्त महामंत्री यामिनी रावल, मीडिया प्रभारी राजेश उपाध्याय, 
मंगल कोआपरेटिव बैंक के पूर्व चेयरमैन सीबी सिंह,  वसंत गाला, देवेंद्र वोरा, अरूण मोरसावाला, जेठालाल भाई, बृजेश दुबे आशीष विलायत समेत तमाम पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। 
इस अवसर पर उत्तर मुंबई के भाजपा नेता मायाशंकर चौबे समेत सैकड़ों की तादाद में उद्योग जगत की हस्तियां मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन सीए अमरनाथ शर्मा तथा आभार कीर्ति आडवेकर ने व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments