- मुंबई में 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ अकाउंटेंट्स में बोले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री
मुंबई। वर्तमान में देश और प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के लिए बहुत अनुकूल वातावरण है और महाराष्ट्र में भी इलेक्ट्रॉनिक वाहन, सौर ऊर्जा और वैकल्पिक ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में विकास हो रहा है। जैसे-जैसे उद्योगों के लिए सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं अधिक से अधिक बनाई जा रही हैं, वैसे-वैसे महाराष्ट्र में औद्योगिक क्षेत्र में निवेश लगातार बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इन सभी प्रयासों में निवेश बढ़ाने में 'सीए' समुदाय प्रमुख भूमिका निभा सकता है।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा आयोजित अकाउंटेंट्स की 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में संपन्न हुई। इस अवसर पर वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ एकाउंटेंट्स की अध्यक्ष अस्मा रस्मौकी, आईसीएआई के अध्यक्ष सीए डॉ. देबाशीष मित्रा, सचिव जयकुमार बत्रा, उपाध्यक्ष सीए अनिकेत तलाटी, डब्ल्यूआईआरसी ऑफ आईसीएआई के चेयरमैन तथा प्रोटिविटी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सीए मुर्तुजा काचवाला, सीए राजेन्द्र कुमार पी सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह निश्चित रूप से गर्व की बात है कि आईसीएआई द्वारा आयोजित लेखाकारों का 21वां विश्व सम्मेलन हमारे देश में और विशेष रूप से देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में आयोजित किया गया। इस मंच के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की गई। सीए एक आकर्षक कोर्स है और अकाउंटिंग के क्षेत्र में युवाओं के लिए करियर के बड़े अवसर हैं। ईमानदार करदाताओं को न्याय दिलाने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को देश के करदाताओं को कर भुगतान के महत्व के बारे में समझाने पर ध्यान देना चाहिए।
फडणवीस ने आगे कहा कि अर्थव्यवस्था में चार्टर्ड अकाउंटेंट की भागीदारी भी अहम है। CA न केवल उद्योगों को बढ़ावा देने और व्यवसाय चलाने में बल्कि देश में निवेश को आकर्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्यमिता बढ़ाने के लिए मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, यूनिकॉर्न जैसी कई पहल लेकर आए हैं। औद्योगिक क्षेत्र के विकास के कारण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। महाराष्ट्र राज्य अब इनोवेशन, स्टार्ट-अप्स और यूनिकॉर्न्स की राजधानी बनता जा रहा है। 25 फीसदी से ज्यादा स्टार्ट-अप और यूनिकॉर्न राज्य में हैं। इन सभी के समुचित क्रियान्वयन में सीए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
महाराष्ट्र भारतीय अर्थव्यवस्था का इंजन
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र भारतीय अर्थव्यवस्था का इंजन है। देश में जीएसटी संग्रह में राज्य का सबसे बड़ा हिस्सा है। राज्य में जीएसटी कर संग्रह में वृद्धि हुई है। साथ ही करदाताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा रहा है। राज्य में बुनियादी ढांचे के लिए विभिन्न परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, क्योंकि मॉडल व्यापक है, बुनियादी ढांचे, नवाचार और प्रौद्योगिकी का संयोजन है। फडणवीस ने कहा कि 'स्पीड ऑफ ट्रैवल' और 'स्पीड ऑफ डेटा' पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। सरकार ने सड़कों, मेट्रो और संचार के अन्य साधनों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। तेजी से विकास के दौरान महाराष्ट्र में एक अनुकूल औद्योगिक वातावरण भी बनाया है।
लेखांकन क्षेत्र में विश्वसनीयता बहुत महत्वपूर्ण : अस्मा रस्मौकी
वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ एकाउंटेंट्स की अध्यक्ष अस्मा रस्मौकी ने कहा, आईसीएआई द्वारा आयोजित 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ अकाउंटेंट्स का मुंबई में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। उत्कृष्ट संगठन ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को प्रभावित किया। आज की बदलती दुनिया में हर किसी को लगातार अपडेट रहना चाहिए। लेखांकन क्षेत्र में विश्वसनीयता बहुत महत्वपूर्ण है। व्यापार के हर तत्व को समन्वय में काम करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि दूर के भविष्य को देखते हुए लोगों के हित के फैसले लिए जाने चाहिए।
उल्लेखनीय है कि लेखाकारों की विश्व कांग्रेस (WCOA) हर चार साल में एक बार आयोजित की जाती है, जिसे लोकप्रिय रूप से "लेखांकन पेशे के ओलंपिक" के रूप में जाना जाता है। मुंबई में 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ अकाउंटेंट्स की मेजबानी के लिए भारत के सबसे बड़े अकाउंटिंग फेस्टिवल में 100 से अधिक देशों के नौ हजार से अधिक प्रतिनिधि एकत्रित हुए। यह इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एकाउंटेंट्स (आईएफएसी) के नेतृत्व में पेशेवर लेखाकारों के लिए सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता है। इस अवसर पर सूचित किया गया कि इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एकाउंटेंट्स एकाउंटेंसी पेशे की वैश्विक संस्था है, जिसमें 135 देशों और अधिकार क्षेत्रों में 180 संगठन सदस्य और सहयोगी के रूप में शामिल हैं।
0 Comments