नालासोपारा : वसई विरार शहर महानगर पालिका क्षेत्र की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही हैं। वर्तमान में वसई विरार शहर में लगभग 35 लाख के आसपास लोग रह रहे है। सन 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मनपा प्रभाग प्रभाग समिति (डी) क्षेत्र के एवरसाइन सिटी गांव मौजे अचोले स्थित सर्वे क्रमांक 6 में अस्पताल के लिए आरक्षित भूखंड पर 200 बेड का सुसज्जित अस्पताल निर्माण कार्य का ऑनलाइन भूमिपूजन ने किया था। मेसर्स स्वराज कंस्ट्रक्शन को निर्माण कार्य का ठेका दिया गया था.लेकिन इस अस्पताल का निर्माण कार्य कई माह बीत जाने के बाद आज भी अधर में लटका है। हालांकि शासन की ओर से बजट भी पास हो गया हैं। लेकिन आज तक अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका हैं। अस्पताल निर्माण कार्य में हो रही देरी से नाराज शिवसेना (उद्धव गुट) के सुरेंद्र सिंह राज के नेतृत्व में 18 अक्टूबर 2022 को मनपा के खिलाफ जन आक्रोश मोर्चा भी निकाला गया था। मनपा प्रभाग समिति (डी) की सहायक आयुक्त विशाखा मोटघरे ने लिखित पत्र के माध्यम से सुरेंद्र सिंह राज को बताया था कि ठेकेदार स्वराज कंस्ट्रक्शन को तत्काल कार्य शुरू करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। यदि अस्पताल निर्माण कार्य शुरू नही किया गया। तो नियमानुसार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगभग चार माह से अधिक का समय बीत गया हैं। न तो अस्पताल निर्माण कार्य शुरू हो सका और न ही ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई किया गया। शिवसेना (उद्धव गुट) नेता सुरेंद्र सिंह राज ने आरोप लगाया हैं कि स्थानीय नेताओं के दबाव में मनपा बांधकाम अधिकारी राजेन्द्र लाड और ठेकेदार स्वराज कंस्ट्रक्शन निर्माण कार्य में लापरवाही कर रहे हैं। जिस वजह से आज तक सुसज्जित अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। जिसकी सजा आम नागरिक भुगत रहे हैं। अगर जल्द सुसज्जित अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। तो शिवसेना पुनः भारी जन आक्रोश आंदोलन करेंगी। वसई विरार मनपा के कार्यकारी अभियंता राजेन्द्र लाड ने कहा कि श्मशान भूमि से सटे होने के कारण अस्पताल कार्य शुरू नहीं हो सका हैं। अस्पताल को थोड़ा आगे बनाने का निर्णय लिया गया है। जिसका प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा गया है. मंजूरी मिलते ही अस्पताल का निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
0 Comments