मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले कृपाशंकर सिंह


लखनऊ। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री तथा वरिष्ठ बीजेपी नेता कृपाशंकर सिंह ने गुरु पूर्णिमा के निमित्त आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें स्वामी विवेकानंद के जीवन और संदेशों पर आधारित पुस्तक, गुरु ऑफ द वर्ल्ड भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस बारे में पूछे जाने पर कृपाशंकर सिंह ने कहा मुख्यमंत्री से पहले योगी आदित्यनाथ एक महान संत पुरुष हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ऐसे संतों का आशीर्वाद जीवन को मजबूत संबल प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद विश्व के महान आध्यात्मिक संत रहे। ऐसे ही गुरु पूर्णिमा के  दिन एक संत पुरुष को भेंट करने के लिए इससे अच्छी वस्तु और क्या हो सकती थी। मुख्यमंत्री ने कृपाशंकर सिंह को स्वस्थ और दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया। कृपाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ध्यान जौनपुर जनपद से जुड़ी अनेक समस्याओं की तरफ दिलाते हुए उनके निराकरण की अपील की। कृपाशंकर सिंह ने बक्सा से तेजी बाजार तक की सड़क को नए सिरे से मरम्मत करने के साथ-साथ, तेजी बाजार से लोहिंदा की सड़क को पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत करने तथा अपने गांव सहोदरपुर में अमृत सरोवर बनाने की मांग की। उन्होंने मुंबई में उत्तर भारतीयों की उनके गांव से जुड़ी समस्याओं को सुनने तथा  उनके निराकरण के लिए एक आईएएस नोडल अधिकारी नियुक्त करने की भी मांग की। गुरु पूर्णिमा के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर स्थित अपने मठ में रहते हैं। यही कारण है कि कृपाशंकर सिंह ने आज ही उनसे मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Post a Comment

0 Comments