"नयी उड़ान" संस्था द्वारा 26 जनवरी को मुंबई में 'गणतंत्र की शाम : परमवीर चक्र विजेताओं के नाम' और अ.भा. कवि सम्मेलन

मुंबई, 19 जनवरी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई महानगर में कला, साहित्य एवं संस्कृति के संवर्धन के लिए उल्लेखनीय भूमिका निभा रही लब्ध-प्रतिष्ठित संस्था *नयी उड़ान ट्रस्ट* द्वारा हिंदू आध्यात्मिक सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी, 2024 को सायं 5 बजे मुंबई के आज़ाद मैदान में *अखिल भारतीय कवि सम्मेलन* एवं *'गणतंत्र की शाम - परमवीर चक्र विजेताओं के नाम'* शीर्षक से एक अनूठे समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
         यह जानकारी देते हुए *नयी उड़ान* ट्रस्ट के संयोजक शांतिलाल बी जैन और अध्यक्ष बी सी जैन भालावत ने बताया कि समूचे भारतवर्ष के इतिहास में पहली बार किसी संस्था द्वारा ऐसा अनूठा आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आज़ादी के बाद से अब तक के कुल 21 परमवीर चक्र विजेताओं में से 18 दिवंगत शहीदों के चित्रों पर समारोह में शामिल होने वाले सभी लोग अपनी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा एक परमवीर चक्र विजेता योगेन्द्र यादव का शुभकामना संदेश इस समारोह में डिजिटल माध्यम से बड़े पर्दे पर प्रदर्शित किया जायेगा। इस राष्ट्रीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, स्वागताध्यक्ष के रूप में महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराष्ट्र सरकार के केबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा मोजूद रहेंगे। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में वीर रस के सुप्रसिद्ध कवि डॉ. हरिओम पवार, श्रीमती कविता तिवारी, विनीत चौहान, शशिकांत यादव, सिद्धार्थ देउल और डॉ.गौरांग प्रियदास को आमंत्रित किया गया है। इस गरिमापूर्ण समारोह में प्रवेश नि: शुल्क रहेगा। नयी उड़ान संस्था के संयोजक शांतिलाल बी जैन तथा हिंदू आध्यात्मिक सेवा संघ के अध्यक्ष अमर शर्मा ने सभी साहित्य प्रेमियों और जन सामान्य से अनुरोध किया है कि गणतंत्र दिवस के पावन मौके पर आयोजित इस गौरवशाली समारोह में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपने परमवीर चक्र विजेता शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने के सुअवसर का लाभ प्राप्त करें तथा देश के मशहूर कवियों की राष्ट्र भक्ति पूर्ण ओजस्वी काव्य रचनाओं का आनंद उठायें।
      

Post a Comment

0 Comments