संगीतकार एवं गायक सरोज सुमन को राज्यपाल के हाथों मिला प्रतिष्ठित "वाग्धारा स्वयंसिद्ध सम्मान"

मुंबई,: भारतीय हिंदी और अन्य लोकभाषाओं के मशहूर फिल्मी संगीतकार एवं गायक सरोज सुमन को संगीत के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मुंबई के अँधेरी पश्चिम स्थित मुक्ति सभागार में आयोजित वर्ष 2024 के *वाग्धारा सम्मान समारोह* में प्रतिष्ठित 'स्वयं सिद्ध' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 
      यह सम्मान महाराष्ट्र के माननीय राज्यपाल श्री रमेश बैस के हाथों भारत की लगभग 30 चयनित हस्तियों को प्रदान किया गया। इस समारोह में चिकित्सा, अभिनय, शिक्षा, संगीत इत्यादि अलग- अलग क्षेत्रों में कार्यरत देश के कोने- कोने से पधारे गणमान्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। वाग्धारा के अध्यक्ष श्री वागीश सारस्वत ने प्रारम्भ में सभी अतिथियों का स्वागत कर सम्बोधित किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि श्री सुमन पश्चिम रेलवे के राजभाषा विभाग में कार्य करते हुए हिंदी के अलावा विभिन्न आंचलिक भाषाओं में संगीत निर्देशन और गायन के ज़रिये देश को एकता के सूत्र में पिरोने का निरंतर प्रयास करते रहे हैं। उन्हें पूर्व में भी विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। मालदीव में आयोजित विश्व हिन्दी सम्मेलन के समारोह की शुरुआत श्री सुमन द्वारा संगीतबद्ध तथा पश्चिम रेलवे द्वारा प्रस्तुत सुमधुर "हिन्दी संकल्प गीत" के वीडियो प्रदर्शन के साथ हुई थी। इसके अलावा हाल ही में उनके द्वारा संगीतबद्ध और मशहूर बॉलीवुड गायिका सुश्री सुवर्णा तिवारी के साथ गाये हुए तथा वरिष्ठ गीतकार गजानन महतपुरकर लिखित सुमधुर गीत "श्रीराम मंगलगान" का म्युजिक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय होकर धूम मचा रहा है।
        

Post a Comment

0 Comments