दिल्ली विधानसभा चुनाव की जीत का मनाया गया जश्न



मुंबई। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत का जश्न मुंबई में बढ़-चढ़कर मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी, वर्सोवा विधानसभा में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय केनेकर और भाजपा के मुंबई अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र राज्य के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार के मार्गदर्शन में विधानसभा अध्यक्ष विजय पाठक के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न आतिशबाजी तथा लड्डू वितरित कर एवं ढोल-ताशा बजाकर मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा कामगार मोर्चा के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष तथा मुंबई प्रभारी नितिन गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए भाजपा के वर्सोवा विधानसभा अध्यक्ष विजय पाठक ने कहा कि 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता का विश्वास और भरोसा लगातार बढ़ रहा है। झूठी राजनीति और अहंकार में डूबा विपक्ष लगातार टूट रहा है। देश की जनता विकास और सम्मान का जीवन चाहती है। यही कारण है कि जाति की राजनीति करने वालों की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो देश और देशवासियों को उन्नति के शिखर पर ले जाना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिना किसी भेदभाव के लोक कल्याणकारी योजनाओं का सबको लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री की गारंटी पर विश्वास किया, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है। भाजपा कामगार मोर्चा के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष नितिन गुप्ता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ ही उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने करीब 60 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है, जिससे स्पष्ट है कि विरोधी पार्टियों के फेक नैरेटिव का गुब्बारा पूरी तरह से फूट गया है। उन्होंने कहा कि अगर आज अयोध्या संसदीय सीट पर चुनाव होता है, तो भाजपा यहां भी एक लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल करेगी, क्योंकि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों तथा गारंटी पर पूरा भरोसा है। इस अवसर पर भाजपा तथा कामगार मोर्चा के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments