मुंबई। अप्रवासी भारतीय उद्योगपति वासु श्रॉफ के साथ जयपुर के हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों द्वारा किए गए अपराधियों जैसे व्यवहार को लेकर मुंबई महिला कांग्रेस की महासचिव प्रीति चोकसी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित कस्टम अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है। बांद्रा पश्चिम के मूल निवासी उद्योगपति श्रॉफ दुबई में रीगल ग्रुप के चेयरमैन हैं। 11 अप्रैल को 84 वर्षीय श्रॉफ के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करते हुए कस्टम विभाग के अधिकारियों ने परचेज स्लिप दिखाने के बावजूद उनकी 188 ग्राम सोने वाली 35.17 लाख रुपए मूल्य की घड़ी जब्त कर ली थी। उन्हें 4 घंटे तक दवा और पानी के अभाव में व्हीलचेयर पर बैठा कर रखा गया था। उद्योगपति श्रॉफ ने इसके खिलाफ आवाज उठाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। आखिरकार कस्टम विभाग के सहायक आयुक्त आर के मीना के निर्देश पर एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह ने दुबई में उन्हें उनकी घड़ी वापस सौंपा। प्रीति चोकसी ने कहा कि भारत के विकास में अप्रवासी भारतीय उद्योगपतियों का बहुत बड़ा हाथ है। ऐसे में उनके साथ जिस तरह से अमानवीय व्यवहार किया गया, वह अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि संबंधित भ्रष्ट कस्टम अधिकारियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। वासु श्रॉफ के करीबी मित्र तथा विश्व सिंधी सेवा संगम के राष्ट्रीय सलाहकार महेंद्र रूपारेल तथा परिवार के सदस्य राजीव पुनवानी ने बताया कि श्रॉफ अत्यंत धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उन्होंने पूरी दुनिया में 101 हिंदू मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया है। ऐसे व्यक्ति को परेशान करना शर्म की बात है।
0 Comments