वसई। आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव में 20 नगरसेवक सीटें जीतने का लक्ष्य रखते हुए वसई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने ‘मिशन 20’ के तहत अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति का जायजा लेते हुए पार्टी ने एकला चलो की नीति अपनाते हुए अकेले जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है, ऐसा प्रतिपादन महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव जोजो थॉमस ने किया। जिला अध्यक्ष ओनिल आल्मेडा की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में मतदारसंघ के प्रमुख नेता और राज्य स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
पार्टी की जमीनी स्तर पर संगठन मजबूती तेजी से चल रही है। हर 100 घरों के लिए एक कार्यकर्ता नियुक्त करके ‘माइक्रो लेवल’ पर काम शुरू है, यह जानकारी जोजो थॉमस ने दी। साथ ही मौजूदा सभी बूथ कमेटियों को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी का स्टैंड बिल्कुल साफ है। केवल सिद्ध जनसेवा और कार्यक्षमता के आधार पर ही टिकट दिया जाएगा। टिकट बंटवारे में बाहर के किसी भी दबाव या सिफारश को कोई जगह नहीं होगी, यह उन्होंने साफ-साफ कहा।
सेक्युलर वोटों का बंटवारा रोकने के लिए कांग्रेस की ओर से जोरदार कोशिशें की जाएंगी, यह भी उन्होंने स्पष्ट किया। भाजपा की जीत की संभावना को कम करने के लिए कुछ समान विचार वाले दलों ने कांग्रेस से गठबंधन के लिए संपर्क किया है। लेकिन अभी फिलहाल किसी भी मोर्चे (महाविकास आघाड़ी) के बारे में कोई विचार नहीं है। भविष्य की राजनीतिक स्थिति का मूल्यांकन करने के बाद ही इस बारे में उचित निर्णय लिया जाएगा, ऐसा थॉमस ने बताया।
पिछले चार साल में जमीनी स्तर पर किए गए काम की वजह से वसई की जनता का विश्वास कांग्रेस ने हासिल किया है और पांच साल पहले की तुलना में आज पार्टी बहुत मजबूत स्थिति में है, ऐसा विश्वास उन्होंने अंत में जताया।
0 Comments