विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मांग
नालासोपारा, 14 जुलाई (प्रतिनिधि): प्रधानमंत्री (पीएम) ई-बस सेवा योजना के तहत वसई-विरार शहर परिवहन सेवा (वीवीसीएमसी) के लिए उपलब्ध कराई जा रही 100 इलेक्ट्रिक बसों में नीचे की बजाय छत पर बैटरी पैक वाली बसें उपलब्ध कराई जाएं। ऐसी बसें बाढ़ और भारी बारिश की स्थिति में भी सुरक्षित रूप से संचालित की जा सकेंगी, जिससे नागरिकों को निर्बाध बस सेवा मिलती रहेगी। इस संबंध में भाजपा विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से छत पर बैटरी पैक वाली ई-बसें उपलब्ध कराने के लिए पहल करने की मांग की है।
पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत वसई-विरार शहर परिवहन सेवा के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली है। जानकारी के अनुसार, उपलब्ध कराई जाने वाली जेबीएम इलेक्ट्रिक बसों में बैटरी पैक बस के निचले हिस्से में लगाया गया है। लेकिन वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के कई इलाकों में मानसून के दौरान सड़कों पर जलभराव की समस्या रहती है। ऐसे में इन बसों के लंबे समय तक पानी के संपर्क में रहने से बैटरी प्रणाली और विद्युत उपकरणों के प्रभावित होने तथा रखरखाव लागत बढ़ने की आशंका है। इससे बरसात और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बसों के संचालन में कठिनाइयां आ सकती हैं।
विधायक राजन नाईक ने कहा कि छत पर बैटरी पैक वाली इलेक्ट्रिक बसें बाढ़ प्रभावित शहरों के लिए अधिक उपयुक्त होंगी। इससे बसों के महत्वपूर्ण विद्युत उपकरण पानी से सुरक्षित रहेंगे और बारिश के मौसम में भी परिवहन सेवा बिना किसी बाधा के जारी रखी जा सकेगी।
इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया है कि वसई-विरार की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार से छत पर बैटरी पैक वाली इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए।
0 Comments