बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली समस्याओं को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षक अभियंता से की मुलाकात, त्वरित कार्रवाई का मिला आश्वासन



नालासोपारा: 4 जुलाई से 8 जुलाई 2026 के बीच हुई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण वसई तालुका के कई क्षेत्रों में लगातार पांच दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस गंभीर समस्या को देखते हुए भाजपा वसई-विरार जिला अध्यक्ष एवं नगरसेविका प्रज्ञा कमलाकर पाटिल के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के वसई अधीक्षक अभियंता से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में भाजपा गटनेता अशोक शेलके, नगरसेवक चंद्रकांत गोरिवले, जयप्रकाश वझे, शरद सुर्वे, अभय कक्कड़, विशाल जाधव, स्मिता पाटिल, पूर्व नगरसेवक भूपेंद्र पाटिल, भाजपा जिला सचिव शशिकांत दुबे सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रज्ञा पाटिल ने नालासोपारा रेलवे स्टेशन परिसर, संयुक्त नगर, अलकापुरी, आइडियल स्कूल क्षेत्र, जे.बी.एस. स्कूल परिसर, नादब्रह्म क्षेत्र, सर्वे क्रमांक 111, अंबिका नगर, माऊली नगर, राजनगर, विजय पार्क, दुबे मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, आचोले मुख्य मार्ग, मजेठिया परिसर, राजमाता नगर, संख्येश्वर नगर सहित वसई तालुका के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग, कम वोल्टेज, पुराने ट्रांसफॉर्मरों पर बढ़ते भार, बाढ़ के दौरान पानी में डूबने वाले विद्युत डीपी और ट्रांसफॉर्मरों से उत्पन्न खतरों तथा नागरिकों को हो रही अन्य परेशानियों पर भी विस्तार से चर्चा की। साथ ही प्रत्येक प्रभाग की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत डीपी एवं ट्रांसफॉर्मरों की ऊंचाई बढ़ाने, बढ़ते विद्युत भार के अनुसार नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, पुरानी विद्युत व्यवस्था का आधुनिकीकरण करने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों का तकनीकी सर्वेक्षण कर स्थायी समाधान लागू करने की मांग भी रखी।

महावितरण के वसई अधीक्षक अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक उपाय जल्द से जल्द लागू किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments