विरार: वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में 4 से 8 जुलाई के बीच आई गंभीर बाढ़ की स्थिति के मद्देनज़र रविवार (13 जुलाई) शाम 4 बजे महानगरपालिका मुख्यालय विरार मे आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. सहित अन्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पालघर के सांसद डॉ. हेमंत सावरा ने की।
बैठक में वसई की विधायक स्नेहा दुबे-पंडित, महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी., अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत, उपमहापौर मार्शल लोपीस, सभागृह नेता प्रफुल्ल साने, विपक्ष के नेता मनोज पाटील, गटनेता अशोक शेळके सहित भारतीय जनता पार्टी और बहुजन विकास आघाड़ी के कई नगरसेवक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद डॉ. हेमंत सावरा ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पालघर जिला भविष्य में "चौथी मुंबई" के रूप में विकसित हो रहा है, ऐसे में बार-बार बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होना चिंताजनक है और इसके लिए दीर्घकालिक योजना बनाना आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि आपदा के समय सत्ता और विपक्ष का भेद भूलकर सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर जनता के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के विकास और बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं के लिए आवश्यक निधि केंद्र सरकार, आपदा प्रबंधन, रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा नीति आयोग के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने महानगरपालिका को निर्देश दिए कि पिछले 50 वर्षों में प्राकृतिक नालों और जलनिकासी मार्गों में हुए बदलावों का विस्तृत अध्ययन कराया जाए, ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके। साथ ही अभियंताओं की कमी दूर करने, अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
डॉ. सावरा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों को मिलने वाली सरकारी सहायता बढ़ाने के लिए विधायक स्नेहा दुबे-पंडित के साथ राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग से मांग की जाएगी। उन्होंने महानगरपालिका को निर्देश दिया कि सभी पात्र बाढ़ प्रभावितों को अनुग्रह सहायता का वितरण शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री, पालकमंत्री और आपदा प्रबंधन मंत्री की उपस्थिति में मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर वसई-विरार की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाएंगे। सांसद ने इस दौरान बाढ़ राहत कार्यों में दिन-रात जुटे अग्निशमन दल के जवानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यों की भी सराहना की।
0 Comments