खासदार एक्शन मोड में!

बढ़ीव-वैतरणा के लोगों की पीड़ा पर लिया गंभीर संज्ञान

पुल निर्माण और जेटी शुरू करने के लिए पालकमंत्री व मत्स्यव्यवसाय मंत्री से की तत्काल मुलाकात



पालघर। पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने बढ़ीव-वैतरणा क्षेत्र के नागरिकों की गंभीर समस्या को लेकर तत्काल पहल की है। 29 अगस्त 2026 को वैतरणा रेलवे स्टेशन एवं परिसर का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों को रेलवे ट्रैक से होकर जोखिम भरा सफर करते देखा। नागरिकों की इस परेशानी को देखते हुए सांसद ने तत्काल समाधान के लिए एक्शन लेते हुए राज्य के वन एवं पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक तथा मत्स्यव्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे से मुलाकात की।

बढ़ीव-वैतरणा के बीच पुल की मांग


बढ़ीव से वैतरणा को जोड़ने के लिए सुरक्षित पुल अथवा पर्याप्त यातायात व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों को मजबूरी में रेलवे ट्रैक का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है और क्षेत्र में लगातार हादसों की आशंका रहती है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सांसद डॉ. सवरा ने पालकमंत्री गणेश नाईक से मुलाकात कर बढ़ीव-वैतरणा के बीच प्रस्तावित पुल का तत्काल सर्वेक्षण कराने, अनुमानित लागत का अंदाजपत्रक तैयार करने और निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की।

उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक नागरिकों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक से होकर आवागमन न करना पड़े।

एंबुलेंस और वाहनों के लिए जेटी शुरू करने की मांग


सड़क संपर्क की कमी के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए सांसद डॉ. सवरा ने मत्स्यव्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे से बढ़ीव से वैतरणा के बीच तत्काल जेटी शुरू करने की मांग की।

सांसद ने कहा कि जेटी शुरू होने से एंबुलेंस, बड़े वाहन, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ आम नागरिकों के लिए भी सुरक्षित आवागमन संभव हो सकेगा। इससे विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी और लोगों की जान बचाई जा सकेगी।

जेटी को यातायात के लिए कार्यान्वित करने हेतु आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द पूरी करने का भी आग्रह सांसद की ओर से किया गया है।

“किसी नागरिक या विद्यार्थी की जान नहीं जानी चाहिए”


सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने कहा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र के किसी भी नागरिक या विद्यार्थी की रेलवे ट्रैक पर होने वाली दुर्घटना में बेवजह जान नहीं जानी चाहिए। जनता की सुरक्षा के लिए पुल और जेटी का यह मुद्दा मैं हर हाल में आगे बढ़ाकर समाधान तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा।”

सांसद की इस पहल से बढ़ीव-वैतरणा क्षेत्र के नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

Post a Comment

0 Comments