चित्रकूट दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति बने डॉ. आरएन त्रिपाठी



जौनपुर। उत्तरप्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर तहसील अंतर्गत बुढ़नेपुर गांव के निवासी डॉ. आर एन त्रिपाठी को चित्रकूट स्थित जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय का बुधवार को नया कुलपति नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने 28 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में कार्यालय ज्ञाप जारी कर उनकी नियुक्ति पर मुहर लगा दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में वर्तमान में सेवारत डॉ. त्रिपाठी को पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से जौनपुर जनपद का नाम एक बार फिर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में चर्चा में आया है। डॉ. आर एन त्रिपाठी का शैक्षणिक सफर जौनपुर के प्रतिष्ठित तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (टीडी पीजी कॉलेज) से जुड़ा रहा है। वह वर्ष 2015 तक महाविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे। इसके बाद उनकी नियुक्ति बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में समाज शास्त्र विभाग में हुई, वर्तमान में वह बीएचयू में सेवारत हैं। टीडी कॉलेज से लेकर देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अपनी शैक्षणिक सेवाएं देने तक का उनका सफर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. त्रिपाठी का अनुभव केवल अध्यापन और विभागीय दायित्वों तक सीमित नहीं रहा है। वह उच्च शिक्षा आयोग और लोक सेवा आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं। इन संस्थाओं से जुड़े दायित्वों के दौरान उच्च शिक्षा और चयन प्रक्रिया से संबंधित कार्यों में उनकी भूमिका रही। विश्वविद्यालय में अध्यापन, विभागाध्यक्ष के रूप में अनुभव और आयोगों में जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें एक राज्य विश्वविद्यालय के शीर्ष शैक्षणिक पद की कमान सौंपी गई है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, पत्रकार लोलारक दुबे, डॉ मनोज मिश्रा, पत्रकार मधुकर तिवारी समेत अनेक लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।

Post a Comment

0 Comments