फ्लैट के नाम पर 38 लाख रुपये वसूले, फिर दूसरे को बेच दी संपत्ति; सात बिल्डरों पर मामला दर्ज



ओम मंदार रियलस्टार्स कंपनी की साझेदारी का हवाला देकर रकम लेने का आरोप; 14 साल बाद भी न फ्लैट मिला, न पैसे वापस

विरार : विरार पश्चिम में फ्लैट खरीदने के लिए लाखों रुपये चुकाने के बावजूद एक व्यक्ति को न तो घर मिला और न ही उसकी जमा पूंजी वापस हुई। इतना ही नहीं, जिस फ्लैट के लिए 38 लाख रुपये लिए गए थे, उसे कथित तौर पर किसी दूसरे व्यक्ति को बेचकर कब्जा रसीद भी दे दी गई। इस मामले में बोलिंज पुलिस ने ओम मंदार रियलस्टार्स कंपनी से जुड़े सात बिल्डरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता लकी भैरव कांती (50) ने आरोपियों को 6 दिसंबर 2012 से अलग-अलग समय पर कुल 38 लाख रुपये दिए थे। यह रकम कंपनी की साझेदारी और फ्लैट उपलब्ध कराने के नाम पर ली गई थी। लेकिन लंबे समय तक इंतजार करने के बाद भी शिकायतकर्ता को फ्लैट का कब्जा नहीं मिला। आरोप है कि संबंधित फ्लैट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया और उसे कब्जा रसीद भी सौंप दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम मांगने के बावजूद आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार किया और धनराशि का निजी इस्तेमाल किया।

पुलिस ने इस मामले में राजू संध्या सुतारे (55), अविनाश ढोले (42), अल्लाउद्दीन शेख (45), किरण पी. सामंत (48), मितेश एन. पाटील (43), विपुल बी. पाटील (44) और भरत पाटील (47) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की आगे की जांच बोलिंज पुलिस कर रही है।

Post a Comment

0 Comments