विधायक राजन नाईक के प्रयासों के बाद मनपा ने जारी किए कार्यादेश, सिग्नल व्यवस्था पर खर्च होंगे 1.04 करोड़ रुपये
नालासोपारा,(प्रतिनिधि) : नालासोपारा और विरार के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण चौकों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। भाजपा विधायक राजन नाईक के लगातार प्रयासों के बाद महानगरपालिका प्रशासन ने इस काम के लिए कार्यादेश जारी कर दिए हैं।
जिन तीन स्थानों पर सिग्नल लगाए जाएंगे, उनमें नालासोपारा का लक्ष्मीबेन छेड़ा मार्ग चौक, विरार पश्चिम का मणिबाई गोपाल चौक और तिरुपति बाजार चौक शामिल हैं।
क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण इन चौराहों पर विशेष रूप से सुबह और शाम के व्यस्त समय में यातायात बाधित होता है। अव्यवस्थित वाहन परिचालन के चलते आम नागरिकों के साथ-साथ यात्रियों और एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए भाजपा नगरसेविका सान्वी संजोग यंदे ने इन स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग विधायक राजन नाईक से की थी।
इसके बाद विधायक राजन नाईक ने इस संबंध में महानगरपालिका आयुक्त को 10 नवंबर 2025 और 2 सितंबर 2026 को पत्र लिखकर सिग्नल लगाने की मांग की थी। साथ ही आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. के साथ इस विषय पर चर्चा भी की थी।
लगातार प्रयासों के बाद महानगरपालिका प्रशासन ने तीनों चौराहों पर सिग्नल व्यवस्था स्थापित करने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी किए हैं। इस परियोजना पर लगभग 1 करोड़ 4 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सिग्नल व्यवस्था शुरू होने से इन चौराहों पर यातायात नियंत्रण बेहतर होने और वाहन चालकों के साथ नागरिकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 Comments