नालासोपारा पश्चिम लिंक रोड पर यातायात में बाधा बने गैरेजों पर पुलिस का शिकंजा!


विपक्षी नेता मनोज पाटील के लगातार प्रयासों को मिली सफलता, चार अलग-अलग मामले दर्ज

मनपा और पुलिस प्रशासन से संयुक्त कार्रवाई कर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग

विरार, प्रतिनिधि। नालासोपारा पश्चिम के फोर्थ रोड और श्रीप्रस्थ म्हाडा परिसर में सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले गैरेज संचालकों के खिलाफ आखिरकार पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वसई-विरार महानगरपालिका के विपक्षी नेता मनोज पाटील द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के बाद नालासोपारा पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में गैरेज संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किए हैं।

नालासोपारा पश्चिम के प्रभाग समिति ‘ई’ अंतर्गत फोर्थ रोड और श्रीप्रस्थ म्हाडा परिसर में गैरेज संचालकों द्वारा सड़कों पर ही वाहन खड़े कर अनधिकृत अतिक्रमण किया जा रहा था। इससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। साथ ही यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई थी। इस गंभीर समस्या को लेकर विपक्षी नेता मनोज पाटील ने महानगरपालिका प्रशासन के समक्ष लगातार आवाज उठाई थी।

आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में गैरेज संचालकों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है। इनमें श्रीप्रस्थ म्हाडा रोड स्थित ‘हुरेन गैरेज’ के संचालक/मालिक रुहान हनीफ मेमन, श्रीप्रस्थ म्हाडा रोड स्थित ‘विवेक ऑटो पार्ट्स गैरेज’ के संचालक/मालिक सचिन दीपक नाईक तथा सोपारा स्टेशन रोड स्थित ‘ब्रिटो गैरेज’ के संचालक/मालिक इरफान मोहम्मद मूसा अंसारी सहित एक अन्य संबंधित मामले के व्यक्ति का समावेश है।

इन गैरेज संचालकों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े किए जाने से पैदल चलने वाले नागरिकों और वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था।

केवल मामले दर्ज करना पर्याप्त नहीं : मनोज पाटील

पुलिस द्वारा अपराध दर्ज किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए अब पुलिस और महानगरपालिका प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है। मनोज पाटील ने मांग की है कि महानगरपालिका प्रशासन जल्द से जल्द विशेष अभियान चलाकर गैरेजों के अनधिकृत अतिक्रमण और शेड को पूरी तरह हटाए, ताकि सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह खुली हो सकें।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि केवल अपराध दर्ज कर कार्रवाई समाप्त न की जाए, बल्कि नियमित गश्त रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा सड़कों पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के साथ वाहनों की जब्ती की कार्रवाई भी लगातार जारी रखी जाए।

नागरिकों को यातायात की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए अब प्रशासन की ठोस और संयुक्त कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments